मध्य प्रदेश

बाबा महाकाल की नगरी में बनेगा डेढ़ सौ कमरों का सेवा सदन, भक्तों को रियायती दरों पर मिलेगी सुविधा

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाकाल ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने आने वाले भक्तों को रियायती मूल्य पर सर्वसुविधायुक्त कमरे उपलब्ध हो सकेंगे। इसके लिए श्री महाकाल लोक के पास डेढ़ सौ कमरों का सेवा सदन बनाया जा रहा है। साथ ही श्री महाकाल लोक के दूसरे चरण का काम भी शीघ्र ही शुरू होगा।

ज्ञात हो कि श्री महाकाल लोक के साकार होते ही उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा हुआ है। धर्माटन के साथ-साथ लोग बड़ी संख्या में यहां पर्यटन के लिए भी आ रहे हैं। शनिवार-रविवार को यहां आने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार के पर्यटन एवं धर्मस्व विभाग ने रियायती दरों पर आवास व्यवस्था सुनिश्चित करने का फैसला किया है। इसके लिए महाकाल लोक के दूसरे चरण में डेढ़ सौ कमरों का सेवा सदन बनाया जाएगा। जिसमें भक्तों को रियायती दरों पर कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। इन पर जल्द ही काम शुरू होगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उज्जैन महाकाल लोक के नजदीक धर्मस्व विभाग के पास 32 एकड़ जमीन है। इसी पर सेवा सदन बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा उज्जैन दर्शन के लिए बस सेवा भी शुरू होने जा रही है। इसमें भक्तों को उज्जैन के तमाम धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

ओंकारेश्वर के विकास की योजना पर काम शुरू

श्री महाकाल लोक के बाद प्रदेश में स्थित एक अन्य ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर की विकास योजना पर भी काम शुरू हो गया है। इसमें मंदिर के आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया जाएगा। इंदौर-इच्छापुर मार्ग को फोर-लेन बनाने का काम शुरू हो चुका है। इंदौर से ओंकारेश्वर तक का हिस्सा फोरलेन होने के बाद इंदौर और उज्जैन से ओंकारेश्वर की कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी। उज्जैन जाने वाले काफी लोग ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के लिए भी जाते हैं।

टूरिस्ट सर्किट को विकसित कर रही है सरकार

उल्लेखनीय है कि पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए राज्य शासन द्वारा उज्जैन-ओंकारेश्वर-महेश्वर और मांडू को एक टूरिस्ट सर्किट के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकार गतिविधियों को और बढ़ाने जा रही है। शासन द्वारा आयोजित मांडू और महेश्वर उत्सव को भी अच्छा प्रतिसाद मिलता है। इसके साथ ही सरकार बांधों के बैकवॉटर को भी पर्यटक स्थलों के रूप में विकसित कर रही है। खंडवा जिले में स्थित हनुमंतिया टापू मध्यप्रदेश के मिनी गोवा के रूप में खूब ख्याति बटोर रहा है। यहां पर आयोजित जल महोत्सव में काफी लोग आ रहे हैं। वहीं, सरकार द्वारा बड़वानी से स्टैचू ऑफ यूनिटी तक क्रूज भी चलाने की तैयारी की जा रही है।

Back to top button