मध्य प्रदेश

भोपाल में नीचे सड़क, ऊपर फ्लाईओवर और तीसरी लेयर में दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन, बनाए जाएंगे डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर ….

भोपाल। राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव से निजात के लिए दो स्थानों पर डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाए जाएंगे। ये फ्लाईओवर होशंगाबाद रोड और रायसेन रोड पर बनाए जाएंगे। बीते दिनों गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इन दोनों फ्लाईओवर का प्रस्ताव दिया था। इस पर हैवी ट्रैफिक की समस्या और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए गडकरी ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों को इन प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

एनएचएआई के अधिकारी विवेक जायसवाल ने इस संबंध में बताया कि 385 करोड़ की लागत से पहला फ्लाईओवर होशंगाबाद रोड पर बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी से मिसरोद थाने के बीच बनाया जाएगा। साढ़े 5 किमी लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर की चौड़ाई 15 मीटर (4 लेन) होगी। वहीं दूसरा फ्लाईओवर रायसेन रोड स्थित आकाशवाणी माइक्रो वेव टॉवर से राज वेदांता स्कूल तक बनाया जाएगा। 80.68 करोड़ की लागत वाले इस कॉरिडोर की लंबाई करीब 1350 मीटर यानी 1.3 किलोमीटर होगी। इसकी चौड़ाई 15 मीटर (4 लेन) होगी।

विधायक कृष्णा गौर

यह क्षेत्र आनंद नगर में आता है और आनंद नगर शहर का एंट्री गेट है। इसके आसपास लगभग 5 लाख की आबादी रहती है। इसके नजदीक ही जंबूरी मैदान है। जहां आए दिन बड़े आयोजन होते रहते हैं। आयोजन के लिए जो गाड़ियां आती हैं, वे इसी सड़क से आती हैं। इसके चलते यहां घंटों जाम की स्थिति बनती है। इस रोड पर 6 से 8 हजार पैसेंजर कार यूनिट का ट्रैफिक दबाव है। दोनों फ्लाईओवर से करीब 15 लाख लोगों को फायदा होगा।

वैसे, भोपाल के उपनगर बैरागढ़ में संतजी की कुटिया से सीहोर नाके तक का एक और डबल डेकर फ्लाईओवर प्रस्तावित है। लेकिन, इसे लेकर मेट्रो व पीडब्ल्यूडी में विवाद है। हालांकि, 2.9 किमी के इस फ्लाईओवर को बनाने के लिए मेट्रो और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों के बीच कई बैठक हो चुकी हैं, किंतु बैठकों में कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। उम्मीद है जल्द ही इस पर अंतिम फैसला हो जाएगा। यहां अभी 15 हजार पैसेंजर कार यूनिट का ट्रैफिक दबाव है। आने वाले समय में ये और बढ़ेगा, इसलिए फ्लाईओवर को ऐसे डिजाइन किया जाएगा, ताकि मेट्रो रेल के साथ सड़क रूट भी साथ चले।

डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से सबसे नीचे सड़क, उसके ऊपर फ्लाईओवर और तीसरे लेयर पर मेट्रो ट्रैक बनेगा। सबसे नीचे सड़क से आसपास की कॉलोनियों को फायदा होगा। इसके ऊपर की रोड से नागपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, जबलपुर, पचमढ़ी, होशंगाबाद, बैतूल की ओर लोग सीधे जा सकेंगे। श्री जायसवाल के अनुसार उन्होंने लोकल अथॉरिटी के साथ मिलकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। जल्द प्लानिंग की जाएगी।

Back to top button