लखनऊ/उत्तरप्रदेश

कांग्रेस की एक और पोस्टर गर्ल का इस्तीफा, शक्ति विधान वाली वंदना ने बताया क्यों हुईं नाराज …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की एक और पोस्टर गर्ल ने पार्टी को बड़ा झटका दे दिया है। शक्ति विधान के पोस्टर दिखने वालीं पार्टी नेता वंदना ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जाने का ऐलान कर दिया है। टिकट नहीं मिलने से नाराज वंदना सिंह ने कहा, मैं 5-6 साल से कांग्रेस में सक्रिय हूं। पदाधिकारी हूं, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हूं। प्रियंका जी ने कहा कि महिलाओं को 40 फीसदी मौका देंगे तो मुझे लगा मुझे भी मौका दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

वंदना ने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं को मिलने का समय नहीं देती हैं। वह दो साल से उनसे नहीं मिल पाई हैं। ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य पहले ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो चुकी हैं। वह भी टिकट नहीं मिलने से नाराज थीं।

वंदना ने कहा कि पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी करके उन लोगों को टिकट दिया जो कुछ ही दिन पहले पार्टी में आई हैं। यदि इसी तरह पुराने लोगों को नजरअंदाज किया गया तो कोई पार्टी का झंडा उठाने वाला नहीं है। वंदना ने कहा कि उन्होंने इस्तीफा देने से पहले पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रियंका गांधी से मुलाकात की कोशिश की, लेकिन समय नहीं दिया गया। वंदना ने कहा कि वह दो साल से प्रियंका गांधी से नहीं मिल पाई हैं।

Back to top button