देश

राजनाथ सिंह ने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा, कहा- पश्चिम बंगाल में अराजकता का माहौल

नई दिल्ली
भाजपा के सीनियर नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अराजकता का माहौल है। देश में पश्चिम बंगाल अपने अपराध के लिए जाना जा रहा है और सांप्रदायिकता के लिए इसके चर्चे हो रहे हैं। राजनाथ ने कहा, 'यहां एक महिला मुख्यमंत्री के रहते संदेशखाली जैसी घटनाएं होती हैं। यहां ED-CBI जांच के लिए आते हैं तो उनके ऊपर गुंडे हमले करते हैं। संदेशखाली की घटना से पूरी मानवता शर्मसार हुई है।'

राजनाथ सिंह ने कहा, 'एक बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी का झंडा फहरा दीजिए… फिर हम देखते हैं कि किसने मां का दूध पिया है जो संदेशखाली जैसी घटना को दोहराने की जुर्रत करता है।' उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जहां सुनिए वहीं घोटाला होता है। ममता दीदी आपके नाम में ही ममता है। ममता तो मां का स्वभाव होता है, फिर आपको जनता का दुख-दर्द क्यों नहीं दिखाई देता है।' उन्होंने कहा कि यह समझ ही नहीं आता कि आप तृणमूल कांग्रेस हैं या फिर कांग्रेस हैं। राज्य में गुंडे-बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं और यहां पर जो लोग अच्छे इंसान हैं, वे सहमे हुए हैं। ये लोग डरे हुए हैं। आप सब जानते होंगे कि पश्चिम बंगाल महान विद्वानों की धरती रही है। देखिए कि आज यहां पर क्या हो रहा है।

'रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध 4 घंटे के लिए रुका'
इससे पहले, राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अपनी प्रासंगिकता खो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति करती है, न कि महज सत्ता पाने के लिए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप के कारण रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध 4 घंटे से अधिक समय तक रुका रहा ताकि भारत अपने नागरिकों को निकाल सके। सिंह ने कहा, 'मैं कहना चाहता हूं कि कांग्रेस पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुकी है। कांग्रेस भारतीय राजनीति में लगातार अपनी प्रासंगिकता खो रही है। कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त है। जब राजनीति की बात आती है तो भाजपा जाति, पंथ और धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि न्याय और मानवता के आधार पर सियासत करती है।'

 

Back to top button