मध्य प्रदेश

एमपी की जनता के नाम राहुल गांधी का पैगाम: कहा- लोगों के सामने कई गंभीर चुनौतियां, यहां के किसान, युवा, व्यापारी, गरीब आदिवासी सभी परेशान

एमपी में 12 दिन में 500 किमी का सफर तय करने के बाद यात्रा ने रविवार को राजस्थान में किया प्रवेश

भोपाल/आगर मालवा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में 12 दिन में लगभग 500 किलोमीटर का सफर पूरा कर आज रविवार को राजस्थान में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा आगर जिले में सबसे ज्यादा 3 दिन और 2 रात रुकने के बाद देर शाम राजस्थान में एंट्री की। मध्यप्रदेश में यात्रा के अंतिम दिन राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश की जनता के नाम संदेश जारी कर उन्होंने यात्रा के दौरान जनता के समर्थन के लिए धन्यवाद और आभार जताया है। साथ ही अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के समक्ष कई चुनौतियां हैं। यहां किसान, युवा और व्यापारी सभी परेशान हैं। आदिवासियों के लिए बनाए कानून कमजोर किए जा रहे हैं। इन चुनौतियों को हल करने के लिए जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताया था, लेकिन उसके साथ विश्वासघात किया गया। उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश में जल्द ही वो दिन आएगा, जब हम जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे, जो आपने कांग्रेस पर जताया था।

राहुल गांधी द्वारा जारी किया गया जनता के नाम संदेश।

संसद में माइक बंद, मीडिया भी हमारी बात नहीं पहुंचाता, इसलिए सड़क पर उतरना पड़ा
इससे पहले यात्रा के आज के अंतिम पड़ाव डोंगर गांव में राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्लियामेंट में माइक बंद, मीडिया भी हमारी बात नहीं पहुंचाती, इसलिए हमें सड़क पर उतरना पड़ा।
कमलनाथ ने बीजेपी, आरएसएस और वीएचपी को दी खुली चुनौती
पीसीसी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बीजेपी, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि मेरा खुला चैलेंज है कि बीजेपी, आरएसएस और विहिप वाले कोई भी आ जाएं और राहुल गांधी से धर्म और अध्यात्म पर बहस कर लें। उन्हें पता चल जाएगा इस विषय पर किसमें कितना ज्ञान है। कमलनाथ रविवार को सोयतकलां में गर्ल्स हॉस्टल के पास स्थित यात्रा के आज के पहले पड़ाव पर मीडिया से रूबरू हो रहे थे। उनके साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह भी मौजूद थे। दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल ने ओंकारेश्वर और महाकाल के दर्शन किए। जय सियाराम का नारा लगवाकर उसकी व्याख्या अपने अंदाज में की थी। नर्मदा आरती भी की। इस पर बीजेपी उन्हें चुनावी हिंदू कह रही है। इसीके जवाब में कमलनाथ ने बीजेपी, आरएसएस और विहिप को यह सीधी चुनौती दी है।
राहुल गांधी निकालेंगे एक और यात्रा
लंच ब्रेक के दौरान कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार ने हमारी यात्रा को डिस्टर्ब करने के लिए हर हथकंडे अपनाए, पर जनता और कार्यकर्ताओं ने उसे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं होने दिया। आप सबने देखा कि यात्रा कैसी रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक और यात्रा निकालेंगे, जो पूर्व से पश्चिम की ओर जाएगी। मध्यप्रदेश ने असली राहुल गांधी को देख लिया है और अब सच को जान भी गए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले: भारत जोड़ो यात्रा ने किया कलंकित
भारत जोड़ो यात्रा पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि एमपी की धरती पर स्वरा भास्कर जैसी अभिनेत्री, जिसे हिंदू होने पर शर्म आती है, वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई। जेएनयू के टुकड़े-टुकड़े गैंग को समर्थन करने वाले लोग राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। कमलनाथ को इस बात का जवाब देना पड़ा कि कांग्रेस की यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे, लेकिन आपने हमारे कार्यकर्ताओं पर गलत एफआईआर दर्ज की और मध्य प्रदेश की धरती को कलंकित किया। इसके लिए उन्हें मध्य प्रदेश की जनता को जवाब देना पड़ेगा। वीडी शर्मा रविवार को इंदौर में मीडिया से चर्चा कर रहे थे।
राहुल गांधी व कमलनाथ को मप्र की जनता से माफी मांगनी चाहिए
वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा शुद्ध बेईमानी साबित हुई। कमलनाथ ने पूरी यात्रा को एक्सपोज कर दिया और स्वीकारते हुए कहा कि यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे, जो गलती से कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से लाइव प्रसारित हो गया, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया।  वहीं, इंदौर लॉ कॉलेज में हिंदू विरोधी पुस्तक द्वारा पढ़ाई कराए जाने पर शर्मा ने कहा कि हिंदू धर्म के विरोधी एवं हिंदू धर्म को बदनाम करने वाले और देश के अंदर वातावरण बिगाड़ने वाले जितने भी लोग ऐसे कॉलेजों में कोई भी हो, वह नहीं चल सकते। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जिनके खिलाफ एफआईआर हुई है, ऐसे लोगों का स्थान कॉलेज की जगह नहीं जेल के अंदर होगा।

Back to top button