मध्य प्रदेश

भाई राहुल के साथ कदमताल करने एमपी पहुंची प्रियंका गांधी, गुरुवार सुबह भारत जोड़ो यात्रा में होंगी शामिल

यात्रा में शामिल होने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ आईं हैं प्रियंका

भोपाल/बुरहानपुर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज मध्यप्रदेश पहुंच गई है। एमपी में ग्राम बोदरली से शुरू हुई यात्रा पहले दिन का सफर तय कर ग्राम झिरी में रात्रि विश्राम करेगी। गुरुवार को फिर निंबोला बस स्टैंड से यात्रा शुरू होगी। यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी पहुंच गए हैं। दोनों हवाई मार्ग से इंदौर पहुंचे, जहां से कार द्वारा सड़क मार्ग से बुरहानपुर पहुंचे। प्रियंका गुरुवार सुबह खंडवा जिले के बोरगांव से यात्रा में शामिल होंगी।

इंदौर पहुंचे प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा का एयरपोर्ट पर स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने स्वागत सत्कार किया। एयरपोर्ट से ही प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा बुरहानपुर के लिए रवाना हो गए। प्रियंका गांधी का इंदौर से बुरहानपुर जाते वक्त कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। राहुल गांधी का काफिला बुरहानपुर जिले की सीमा में ठहरा है। प्रियंका गांधी उनके साथ ही काफिले के विश्राम स्थल पर रात्रि विश्राम करेंगी। गुरुवार सुबह खंडवा जिले के बोरगांव से राहुल गांधी के साथ यात्रा में प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी। भारत जोड़ो यात्रा 24 और 25 तारीख को शाम तक खंडवा जिले में रहेगी।

Back to top button