दुनिया

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खुश करने की तैयारी, सरकारी समितियों में होंगे एडजस्ट

जिला स्तर पर प्रभारी मंत्रियों को जिम्मेदारी

भोपाल। जब कांग्रेस विपक्ष में रहकर सघर्ष कर रही थी, तब प्रदेश के हजारों कार्यकर्ताओं ने लम्बे समय तक धरना-प्रदर्शन व आंदोलन कर पार्टी की लड़ाई लड़ी। अब ऐसे कार्यकर्ताओं को कांग्रेस सरकार खुश करने जा रही है। प्रदेश के 1000 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को महत्व देने के लिए सरकार उन्हें जल्द ही एडजस्ट करने की तैयारी में है। ख़बरों की मानें तो प्रदेश के हर जिले से लगभग दो दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसी न किसी समिति में शामिल किया जाएगा। इस संबंध में प्रभारी मंत्रियों को जिम्मा सौंपा गया है।

सूत्रों की माने तो प्रदेश में 1000 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिला प्रशासन की विभिन्न समितियों में शामिल किया जाएगा। पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं को साधने के लिए लम्बे समय से पार्टी के अंदरखाने में विचार किया जा रहा है। निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर भी यही फॉर्मूला अपनाया जाएगा। समितियों में हर जिले में फेरबदल होगा जबकि कुछ नई समितियां बनाई जा सकती हैं। इन सभी समितियों में दो दर्जन के करीब कार्यकर्ताओं को एडजस्ट किया जाएगा। मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने करीब डेढ़ महीने पहले इसका फार्मूला तय कर लिया था। जिन कार्यकर्ताओं ने 15 साल भाजपा सरकार के खिलाफ पार्टी के बैनर तले लगातार प्रदर्शन किया और सक्रिय रहे उन्हें इन समितियों में जगह दी जाएगी। सभी प्रभारी मंत्री इसके लिए जिला अध्यक्षों से ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची मांग रहे हैं। वहीं कुछ कार्यकर्ताओं के नाम प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भी प्रभारी मंत्रियों को दे सकते हैं।

Back to top button