दुनिया

अल-हकीम मस्जिद गए पीएम नरेंद्र मोदी, काहिरा में प्रथम विश्व युद्ध में मारे गए भारतीय सैनिकों को दी श्रद्धांजलि…

काहिरा । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मिस्र की राजधानी काहिरा में हेलियोपोलिस युद्ध कब्रिस्तान का दौरा किया और प्रथम विश्व युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी यहां स्थित अल-हकीम मस्जिद गए। अल-हकीम मस्जिद काहिरा में 11वीं सदी का एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थल है। यह मस्जिद भारत और मिस्र द्वारा साझा की गई समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रमाण के रूप में खड़ी है। पीएम मोदी की यात्रा का महत्व अल-हकीम मस्जिद का उल्लेखनीय जीर्णोद्धार है, जो दाऊदी बोहरा समुदाय के अटूट समर्पण और समर्थन के माध्यम से संभव हुआ है।

पीएम मोदी ने मिस्र के काहिरा में हेलियोपोलिस युद्ध कब्रिस्तान का भी दौरा किया। यहां उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

बता दें, पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को मिस्र पहुंचे। मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबाउली ने उनका काहिरा एयरपोर्ट पर स्वागत किया। 1997 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की मिस्र की यह पहली राजकीय यात्रा है।

भारत पश्चिमी एशिया और अफ्रीका में अपने रिश्तों को नए सिरे से मजबूत करने में जुटा हुआ है, जिसके चलते यह यात्रा उसके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अल-सिसी जब जनवरी, 2023 में भारत आए थे, तब दोनों देशों ने एक-दूसरे को रणनीतिक साझेदार घोषित किया था।

काहिरा पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि भारत व मिस्र के रिश्ते और मजबूत होंगे। दोनों देशों की जनता को इससे फायदा होगा। माना जा रहा है कि मोदी की इस यात्रा के बाद सितंबर, 2023 में अल-सिसी फिर से भारत आ सकते हैं। भारत ने जी-20 बैठक में हिस्सा लेने के लिए मिस्र को विशेष मेहमान के तौर पर आमंत्रित किया है।

Back to top button