मध्य प्रदेश

भारत भवन के स्थापना दिवस पर पद्मश्री रामसहाय पांडे बोले- लोग कहते हैं तुम ब्राह्मण हो, राई मत किया करो, मैं उनसे कहता हूं आप पहले जानकी मैया के यहां राई बंद कराओ

भारत भवन का 41वां स्थापना दिवस, सीएम ने किया कलाकारों का सम्मान

भोपाल। भारत भवन अपने 41वें साल में प्रवेश कर गया। बहिरंग सभागार में इसका स्थापना दिवस मनाया गया। 13 फरवरी को 11 कलाकारों ने प्रस्तुति दी। 94 साल के पद्मश्री कलाकार रामसहाय पांडेय ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। दस दिवसीय समारोह का आनंद लेने पहुंचे कला प्रेमी कार्यक्रम में पहुंचे। कलाकारों के रंग संगीत से कार्यक्रम का आगाज हुआ।  सीएम रात 10 बजकर 47 मिनट पर भारत भवन पहुंचे। 11 बजे सम्मान समारोह हुआ।

रामसहाय पांडे ने कमर पर ढोलक बांधकर राई किय नृत्य

कार्यक्रम में 94 साल के पद्मश्री रामसहाय पांडे ने कमर पर ढोलक बांधकर राई नृत्य किया। पांडे ने बताया कि जब इस भवन का उद्घाटन हुआ था,  उस समय हम एक महीने यहां रंग मंडल के साथ रहे थे। लड़कियों को सिखाया था। कुछ बंबई चली गईं, कई लड़कियों की शादी हो गई। इंदिरा जी आई थीं। बाहर उद्घाटन हुआ था, तब हम भी मौजूद थे। आज भी हमें बुलाया गया, ये हम जीवन भर नहीं भूल पाएंगे। हम 12 साल की उम्र से राई कर रहे हैं। अब 90 साल की उम्र हो गई, लेकिन राई का साथ नहीं छूटी। वह आगे बताते हैं कि पद्मश्री मिलने के पहले जब हम राई करते थे, तो समाज के कई लोग कहते थे कि ब्राह्मणों में राई नहीं की जाती। तुम राई करना बंद कर दो। हम उनसे कहते थे कि हम राई बंद कर देंगे, लेकिन आप लोग करीला जाओ, वहां जानकी मैया के यहां की राई बंद करा दो।

मुख्यमंत्री बोले- कला और संस्कृति सुखी जीवन के लिए आवश्यक है

कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने कहा,  कला,  संगीत, नृत्य और उत्सव के बिना जीवन अधूरा है। शरीर,  मन, बुद्धि और आत्मा का सुख मनुष्य को सुखी रहने के लिए जरूरी होते हैं। कला और संस्कृति सुखी जीवन के लिए आवश्यक है। धन-दौलत से जो सुख नहीं मिलता है, वह कला और संस्कृति से मिलता है। उन्होंने कलाकारों का स्वागत करते हुए कहा,  भारत भवन ने 41 वर्ष में कला-संस्कृति का नया मुकाम कायम किया है। हमने कला ग्राम की स्थापना की है। अगले साल से संचालन शुरू हो जाएगा। कला-परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

इन कलाकारों का मुख्यमंत्री ने किया सम्मान

मुख्यमंत्री ने पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से कलाकारों को सम्मानित किया। इनमें पद्मश्री भूरी बाई, पद्मश्री दुर्गा बाई, भज्जू श्याम, संगीतकार वसंत राव शिवलीकर, तबला वादक किरन देशपांडे, राई नृतक पं. राम सहाय पांडे, गायक पंडित उमाकांत गुंदेचा, रंगकर्मी आलोक चटर्जी, लोक जनजातीय कला के अध्येता कपिल तिवारी, युवा रंगकर्मी सरफराज हुसैन और बैगा नृतक अर्जुन सिंह धुर्वे का सम्मान किया।

कला और संस्कृति का सबसे पुराना केंद्र है  भारत भवन

भोपाल में भारत भवन, कला और संस्कृति का सबसे पुराना केंद्र है। 13 फरवरी 1982 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भारत भवन का उद्घाटन किया था।

Back to top button