
ममता बनर्जी को लगी चोट पर तेजस्वी यादव ने कहा- चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है बीजेपी …
नई दिल्ली (पंकज यादव) । पश्चिम बंगाल में इसी महीने पहले चरण का चुनाव होना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व बीजेपी ने यहां अपनी सरकार बनाने के पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं सत्तारूढ़ टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी भी बखूबी काउंटर कर रहीं हैं। इसी बीच विपक्ष के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ममता बनर्जी को नंदीग्राम में प्रचार के दौरान एक मंदिर के बाहर घायल कर दिया था। इसके लिए तेजस्वी यादव ने बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है। बीजेपी ने इसे सहानुभूति बटोरने की कोशिश करार दिया है लेकिन अब राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ममता बनर्जी के समर्थन में आ गए हैं और उन्होंने बीजेपी पर किसी भी तरह से चुनाव जीतने का आरोप लगाया है।
तेजस्वी यादव ने गुरुवार को ममता बनर्जी पर कथित तौर पर हुए हमले को लेकर कहा, ‘इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। टीएमसी ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। चुनाव जीतने के लिए बीजेपी कोई भी कदम उठा सकती है। उसका मकसद किसी भी तरह चुनाव जीतना है। बीजेपी और आरएसएस इसके लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।’
बता दें कि पिछले दिनों तेजस्वी यादव ने बंगाल जाकर ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी से मुलाकात की थी और चुनाव में अपने उम्मीदवार न उतारने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि आगामी चुनाव में राजद टीएमसी का समर्थन करेगी। पार्टी शुरुआत से ही यहां टीएमसी के साथ चुनाव लड़ने का मन बनाए हुए थी। मगर इस पर बात नहीं बन सकी। सूत्रों की मानें तो तृणमूल के समर्थन का फैसला राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के स्तर से लिया गया था।
बंगाल में ममता को बिना शर्त समर्थन दिए जाने के बारे में पार्टी की ओर से विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई थी। इस बारे में तेजस्वी ने कहा था कि केंद्र सरकार द्वारा निरंतर देश के संघीय ढांचे और संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार किया जा रहा है। देश एक महत्वपूर्ण चौराहे पर खड़ा है। उन्होंने कहा था कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद जी का मानना है कि विपक्ष के लिए यह समय देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, विचारधारा की प्रतिबद्धता तथा सिद्धांतों की स्थिर राजनीति का है।
















