मध्य प्रदेश

एमपी में राहुल की यात्रा का चौथा दिन, राहुल एक होटल पर चाय के लिए अचानक रुके, कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की से गिर पड़े दिग्विजय सिंह

संविधान दिवस पर आज अंबेडकर स्मारक महू जाएंगे राहुल, बड़वाह पुल से बहन प्रियंका के साथ किया नर्मदा पूजन

भोपाल/खंडवा/खरगोन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मप्र में आज यानी शनिवार को चौथा दिन है। यात्रा खंडवा जिले के मोरटक्का से सुबह 6 बजे शुरू हुई, जो नर्मदा नदी पर बने पुल से गुजरते हुए मोरटक्का से करीब 7 बजे बड़वाह पहुंची। यात्रा 5 किमी का सफर तय कर करीब 9.30 बजे खरगोन जिले के मनिहार पहुंची। यहां राहुल भोजन ब्रेक के लिए रुके। यात्रा का दूसरा चरण दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा। टी ब्रेक के बाद प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा कार से इंदौर रवाना हो गए। ब्रेक के बाद यात्रा मनिहार से बलवाड़ा होते हुए महू पहुंचेगी।

कार्यकर्ताओं में हुई धक्का-मुक्की, दिग्विजय सिंह गिरे

राहुल गांधी की यात्रा मोरटक्का से सुबह छह बजे शुरू होने के बाद बड़वाह होते हुए करीब साढ़े नौ बजे खरगोन जिले के मनिहार पहुंची। यहां राहुल भोजन ब्रेक ले रहे हैं। यात्रा का दूसरा चरण दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा। बड़वाह से करीब चार किमी आगे चले पर राहुल गांधी चोर बावड़ी के पास होटल में रुक गए। चाय ब्रेक अचानक था, जिससे कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की हो गई। इस भगदड़ में दिग्विजय सिंह नीचे गिर गए। उनके ऊपर कुछ कार्यकर्ता भी गिर गए। कार्यकर्ताओं ने उठाया, इसमें उन्हें हल्की चोटें भी आईं है। इस घटना के बाद दिग्विजय सिंह काफी नाराज हुए। राहुल गांधी ने बड़वाह से करीब 4 किमी आगे वृंदावन रेस्टोरेंट पर टी-ब्रेक लिया। टी ब्रेक के बाद प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा आगे कार से इंदौर रवाना हो गए। जबकि राहुल पैदल ही चलने लगे। यात्रा दोबारा शुरू हुई तो कमलनाथ भी कुछ देर पैदल चले। यहां से यात्रा उमरिया होते हुए ग्राम बलवाड़ा स्थित मैयापुरधाम मंदिर में दर्शन के बाद महू पहुंचेगी।

राहुल महू में अंबेडकर स्मारक जाएंगे, ड्रीमलैंड चौराहे पर आमसभा होगी

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता व उपाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि यात्रा खरगोन जिले के बलवाड़ा होते हुए महू जाएगी। राहुल यहां आंबेडकर स्मारक पर बाबा साहेब आंबेडकर को नमन करेंगे। इसके बाद आमसभा भी होगी। मंच पर उनके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत देश व प्रदेश के 50 से अधिक बड़े नेता मौजूद रहेंगे। आंबेडकर स्मारक पर नमन करने के बाद राहुल वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल से मिलेंगे। इसके बाद वह ड्रीमलैंड चौराहे पर स्थित सभा को संबोधित करेंगे। आज चौथे दिन राहुल पुराने डिपो मैदान पर नाइट स्टे करेंगे। रविवार सुबह छह बजे इंदौर के लिए भारत जोड़ो यात्रा फिर शुरू होगी।

रास्ते में राहुल कचरा बीनने वाली महिला और उसके परिवार से मिले

बड़वाह से आगे बढ़ने पर राहुल ने रास्ते में रुककर कचरा बीनने वाली एक महिला और उसके बच्चों से बात कर उनकी परेशानियों को जाना और उसे आश्वासन दिया कि तुम्हारी समस्याएं दूर होंगी। करीब 45 मिनट से भी कम समय में राहुल गांधी बड़वाह से आगे बढ़ गए। आगे उनका निर्मल विद्यापीठ पर बने टी-पॉइंट पर ब्रेक लेने का कार्यक्रम था, लेकिन वे वहां नहीं रुके। मध्यप्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता अरुण यादव भी यात्रा में चल रहे हैं। शनिवार सुबह वे राहुल गांधी के साथ दिखाई दिए।

राहुल और प्रियंका ने बड़वाह पुल से मां नर्मदा का पूजन भी किया

बड़वाह पहुंचने पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने नर्मदा पुल से नर्मदा पूजन किया। बड़वाह में यात्रा का भव्य स्वागत हुआ और जगह जगह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बड़े बड़े कटआउट लगे थे। कई कटआउट 30 फीट ऊंचे थे। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक यात्रा में शामिल हुए। बड़वाह में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कलश यात्रा भी निकाली गई। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। यात्रा में आगे-आगे बैंड और आदिवासी लोक नृत्य की प्रस्तुति भी हुई।

महू में मालवी साफे से होगा राहुल का स्वागत

महू में सभा की व्यवस्था देख रहे पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार ने बताया कि शनिवार शाम ड्रीमलैंड चौराहा पर राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे। सभा के लिए विशेष मंच तैयार किया गया है। यह मंच लगभग 24 बाय 55 फीट का है। इसकी ऊंचाई 8 फीट है। इस मंच पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पूर्व सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह समेत देश व प्रदेश स्तर के बड़े नेता मौजूद रहेंगे। मंच पर अतिथियों का स्वागत मालवा की संस्कृति अनुरूप मालवा का विशेष साफा पहनाकर किया जाएगा। 

खबर अपडेट हो रही है…

Back to top button