छत्तीसगढ़

अंबिकापुर नगर निगम को देश में 5 स्टार रेटिंग मिलने पर मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा- यह जनभावना की उपलब्धि है, तत्कालीन मंत्री अमर अग्रवाल और कलेक्टर रितु सेन ने तैयार किया अंबिकापुर मॉडल

अंबिकापु{प्रमोद शर्मा}। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव का कहना है कि अंबिकापुर मॉडल छत्तीसगढ़ के सभी नगर निगमों को दिया गया है। मेहनत और संसाधन बहुत अधिक लगता है। प्रयास करें तो उपलब्धि जरूर मिलेगी। सबके सहयोग से अंबिकापुर आज देश के महानगरों के बराबर खड़ा हुआ है। इस मुकाम तक पहुंचने में तत्कालीन नगरीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल, कलेक्टर रितु सेन सहित अंबिकापुर के हर व्यक्ति का सहयोग रहा है। इस उपलब्धि को मैं इस काम में लगे महिलाओं, नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समर्पित करता हूं।

भारत सरकार के शहरी मंत्रालय ने आज स्टार रैंकिंग जारी की जिसमें छत्तीसगढ़ से एकमात्र अंबिकापुर नगर निगम है जिसे 5 स्टार रेटिंग मिला है। इस संबंध में अंबिकापुर के विधायक व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने दिल्ली बुलेटिन से बातचीत करते हुए कहा कि वास्तव में खुशी और गर्व की बात है कि अंबिकापुर नगर निगम ने अपने लिए और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव हासिल किया। जब केंद्र सरकार ने यह तय किया कि स्वच्छता सहित अन्य मापदंडों पर बेहतर कार्य करने वाले नगर निगमों का मूल्यांकन किया जाएगा और रैंकिंग तय होगी। तब उस समय की कलेक्टर रितु सेन के मार्गदर्शन में पूरी कार्ययोजना बनाई गई। यह तय हुआ कि सारी व्यवस्था स्थाई हो, सिर्फ रितु सेन के रहने तक सबकुछ ठीक-ठाक रहे और बाद में सब अव्यवस्थित हो जाए। इस पर विशेष रूप से विचार विमर्श किया जाए। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए यहां नगर निगम के लिए एक अधोसंरचना तैयार किया गया। श्री सिंहदेव ने तत्कालीन नगरीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल के नाम का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि इस कार्य में श्री अग्रवाल ने विशेष सहयोग दिया। विभागीय अधिकारियों ने सहयोग दिया। प्रशिक्षण के कार्यक्रम आयोजित किए गए। फिर उपलब्धि भी हासिल होती गई।

भारत सरकार आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने आज गाब्रेज फ्री सिटी अंतर्गत स्टार रैंकिंग का रिजल्ट जारी किया है। जिसमें छत्तीसगढ़ से एक मात्र शहर अंबिकापुर नगर निगम को 5 स्टार रेटिंग मिला है। इस बात की जानकारी लगते ही नगर निगम अंबिकापुर के अधिकारी कर्मचारी व शहरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने खुद पर गर्व महसूस कर रहे हैं। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कचरा मुक्त स्टार रेटिंग के परिणामों की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर, गुजरात में राजकोट, कर्नाटक में मैसूर, एमपी में इंदौर और महाराष्ट्र में नवी मुंबई को 5-स्टार रेटिंग मिली है।

श्री सिंहदेव ने कहा कि देश के जो बड़े महानगर हैँ वहां संसाधनों की कोई कमी नहीं है। अंबिकापुर में संसाधन कुछ भी नहीं था फिर भी हम उन महानगरों के बराबर में खड़े हैं यह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस काम में लगे 4 सौ महिलाओं का विशेष रूप से जिक्र किया कि दिन रात ये पूरी ईमानदारी के साथ काम में जुटीं रहतीं हैं। यह उपलब्धि इन लोगों के लिए समर्पित होना चाहिए। शुरुआती दिनों की याद करते हुए कहा कि पहले यह कहा गया कि लोगों से टैक्स लिया जाएगा तभी यह कार्य स्थायी रूप से चल सकता है। उस समय जब यह तय हो चुका था कि नगरीय निकाय में कोई नया टैक्स नहीं लेना है फिर टैक्स लेने की बात करना संभव नहीं था। शासन के पास पैसा भी नहीं था कि 4 सौ लोगों को वेतन दे सके। ऐसे में हमने वेतन वाला मॉडल ही नहीं बनाया। यह तय किया गया कि जो राशि मिलेगी उसे इस अभियान में लगे लोगों को बांट दिया जाएगा।

लोगों से सहयोग लेने के लिए हम वार्डों से लेकर गली-मोहल्लों तक गए। बैठकें की। लोगों को बताया गया कि सफाई व्यवस्था के नाम पर आपको 50 रुपए प्रतिमाह देना है। यदि सबकी सहमति होगी तब इस अभियान को हम अपने हाथ पर लेंगे। अंबिकापुर के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ सहयोग किया। सबकी सहमति बनी हर माह पैसे देने की। शुरुआत में सफाई मित्र के रूप में महिलाओं को जोड़ा गया और उन्हें पारिश्रमिक 2 हजार रूपए प्रतिमाह दिया जाना प्रारंभ किया, इसे बढ़ाते-बढ़ाते 6 हजार रूपए प्रतिमाह तक ला चुके हैं। मेरी अपनी इच्छा है कि इसे 10 हजार रुपए प्रति माह तक ले जाएं, जिससे महिलाएं अपना परिवार चला सकें।

इस पूरे अभियान में समन्वय का काम रिंकू करते हैं। उनका भी जिक्र श्री सिंहदेव ने किया। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर मॉडल छत्तीसगढ़ के सभी नगर निगमों को दिया गया है। काम करने की जरुरत है। मेहनत और लोगों की भागीदारी के बिना सफलता मुश्किल है। लोग यदि ठान लें तो अंबिकापुर जैसा काम दूसरे नगर निगमों में भी किया जा सकता है।

इस संबंध में अंबिकापुर के महापौर अजय तिर्की ने भी खुशी जाहिर की और कहा अंबिकापुर को अन्य पांच शहरों के साथ फाइव स्टार रैंकिंग मिली है। इसका श्रेय अंबिकापुर के सम्मानित नागरिकों नगर निगम की टीम जनप्रतिनिधि और स्पेशली मीडिया जिसने हमेशा हमें इनकरेज किया है। ऐसा ही सहयोग रहा तो निश्चित तौर पर आने वाले समय में हम प्रथम स्थान पर आएंगे।

Back to top button