मध्य प्रदेश

अब गौ वंश पर सियासत : शिवराज सरकार के मंत्री ने दिया सुझाव, हरदीप सिंह डंग ने कहा- चुनाव लड़ने के लिए गाय पालन अनिवार्य किया जाए…

भोपाल। मध्यप्रदेश में गौ-पालन कानून बनाने की मांग अब बीजेपी में उठने लगी है। इस मांग का समर्थन प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी कर दिया है। मंत्री हरदीप सिंह डंग ने कानून बनाने की मांग उठाई है। वो इस संबंध में सीएम चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगे। मंत्री हरदीप सिंह डंग का कहना है कि खेती किसानी से जुड़े क्रय-विक्रय करने वाले किसानों के लिए गाय पालना अनिवार्य होना चाहिए। सरकार गाय के लिए 25 हजार रुपए से ज्यादा तनख्वाह वाले सरकारी कर्मचारियों से 500 रुपए हर महीने वसूल करे। जो जनप्रतिनिधि चुनाव लड़ना चाहता है, उसके लिए गाय पालना अनिवार्य हो। गाय नहीं पालने वाले व्यक्ति का चुनाव आयोग फॉर्म निरस्त करें। डंग चुनाव आयोग इस संबंध में पत्र भी लिखेंगे। उन्होंने सरकार से कानून बनाने की मांग की है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह डंग की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा दो नहीं चार गाय लोग पालें। गाय के लिए डंग ने कानून की बात कही है। हर व्यक्ति को गौ पालन करना चाहिए। गौ पालन से व्यक्ति और देश दोनों स्वस्थ रहेंगे। अभी ये कानून नहीं बना है।

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने महाकाल के दर्शन और अपने दौरे बारे में कहा- मेरा संगठनात्मक दौरा है। हमेशा दौरे होते रहते हैं। अध्यक्ष होने के नाते कोई नई बात नहीं। मोदी जी ने केंद्र में बने नए मंत्रियों को जनता के बीच जाने के लिए कहा है। यह एक अच्छी पहल है। उन्होंने यह भी कहा कांग्रेस को हर बात में कमी दिखाई देती है। कांग्रेस अपने गिरेबान में झांके। कांग्रेस ने हमेशा प्रदेश की जनता से धोखा किया। जोबट उपचुनाव पर वीडी शर्मा का दावा है कि हार जीत चलती रहती है। लेकिन, इस बार बीजेपी का तंत्र बहुत मजबूत है।

मध्य प्रदेश की सियासत सोमवार को गौ वंश के इर्द-गिर्द घूमती रही। मंत्री हरदीप सिंह डंग ने गौ वंश को लेकर सरकारी कर्मचारियों के वेतन से 500 रुपये काटने और चुनाव लड़ने के लिए गाय पालने की अनिवार्यता का बयान दिया तो वही कृषि मंत्री कमल पटेल ने गाय का पालन समय की आवश्यकता बताया। जबलपुर पहुंचे कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा गाय भारत की जीवनदायिनी है और गौ वंश पालने से जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। यह वर्तमान की जरूरत है कि गाय हर घर में पाली जाए जिससे खेती में भी कम लागत लगे।

एक बार फिर किसान नेता राकेश टिकैत के इंदौर दौरे पर कमल पटेल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा राकेश टिकैत आड़तियों के नेता हैं। जबकि मध्य प्रदेश का किसान भाजपा के साथ है। राकेश टिकैत बिचौलियों के हमदर्द हैं। उनके प्रवास से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। मंत्री पटेल ने उपचुनाव के लिए भी स्पष्ट किया कि भाजपा की जीत निश्चित है क्योंकि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है।

कृषि मंत्री कमल पटेल ने सोयाबीन के घटते रकबे पर चिंता ज़ाहिर की है। उन्होंने कहा लगातार 30 साल से वही बीज बोने के कारण इसमें बीमारी बढ़ रही है। इस वजह से वर्तमान में प्रदेश में सोयाबीन का 20 फीसदी रखबा कम हो गया है। इस समस्या से निपटने के लिए कृषि वैज्ञानिकों के साथ मिलकर सोयाबीन का विकल्प तलाशा जा रहा है।

Back to top button