मध्य प्रदेश

कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से नहीं रहेगा वंचित : मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह

प्रभारी मंत्री श्री सिंह ग्राम सांगाखेड़ा, चांदोंन और कादईखुर्द में विकास यात्रा में हुए शामिल, करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास किया

भोपाल। खनिज साधन एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि विकास यात्रा से केंद्र एवं राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। प्रभारी मंत्री श्री सिंह सोहागपुर विधानसभा के ग्राम सांगाखेड़ा, चांदोन और कांदईखुर्द में विकास यात्रा को संबोधित कर रहे थे। ग्राम सांगाखेड़ा में विकास यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। विकास यात्रा के दौरान जनसभाओं में स्कूली बच्चों द्वारा जनजातीय लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने ग्राम सांगाखेड़ा (चांदोंन) में 2 करोड़ 29 लाख की लागत से बनने वाले 11/33 के व्ही विद्युत सब स्टेशन का भूमि-पूजन किया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने पौध-रोपण भी किया।

सांसद राव उदय प्रताप सिंह, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, जनपद अध्यक्ष गंगाराम कलमे, श्रीमती माया नारोलिया, दर्शन सिंह चौधरी, जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, कलेक्टर नर्मदापुरम नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को नि:शुल्क रेत उपलब्ध कराने का प्रावधान किया जायेगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की राशि भी बढ़ा कर 51 हजार से 55 हजार की जाएगी। राजस्व सहित में भी बदलाव किया जायेगा, जिसमें प्राकृतिक आपदा में गाय की मृत्यु पर 30 हजार से राशि बड़ाकर 37 हजार की जाएगी। मकान क्षतिग्रस्त होने पर 95 हजार की राशि को बढ़ा कर 1 लाख 20 हजार रूपये की जायेगी।

प्रभारी श्री सिंह ने कहा कि विकास यात्रा को लेकर जनता में अभूतपूर्व उत्साह हैं। जहाँ-जहाँ विकास यात्रा पहुँच रही है वहाँ ढोल बाजे और परंपरागत रीति रिवाजों से विकास यात्रा का स्वागत किया जा रहा है। यह उत्साह मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों और योजनाओं से अंतिम पंक्ति तक के व्यक्ति को लाभान्वित करने का परिणाम है। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पूर्व की सरकार द्वारा अनेक जन-कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया था, जिसे मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार ने पुनः शुरू करने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना गरीबों को कठिन समय में उनके लिए बड़ा संबल प्रदान करने वाली है। योजना के तहत दुर्घटना होने पर 2 लाख एवं मृत्यु पर 4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि बजट में 900 करोड़ रुपए का प्रावधान पूर्व ही सरकार द्वारा लंबित रखे गए संबल योजना के आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से वृद्धजनों को हवाई यात्रा से तीर्थ-यात्रा का लाभ भी मिलेगा।

सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में बिना रुके बिना थमे विकास के कार्य निरंतर जारी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में सही मायनों में राष्ट्रवाद की स्थापना हुई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश में विकास के साथ देश का मान सम्मान भी दुनिया में बढ़ाया है। भारत की विदेश नीति ऐसी है कि आज कोई भी देश भारत की तरफ आँख उठाकर भी नहीं देख सकता। उन्होंने कहा कि 500 तक की आबादी का आज ऐसा कोई भी गाँव नहीं है। जहाँ पक्की सड़क नहीं बनाई गई हो। विकास यात्रा के दौरान विधायक विजयपाल सिंह ने भी संबोधित किया। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने विकास यात्रा की उपलब्धियों की जानकारी दी।

Back to top button