देश

नीतीश ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साध रहे, कहा- विपक्षी गठबंधन INDIA के नामकरण को लेकर नहीं माने नाम बदलवाने की बात

पटना
विपक्षी गठबंधन INDIA के नामकरण को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) की जगह कोई और नाम रखने की मांग कर रहे थे लेकिन किसी ने सुना ही नहीं। नीतीश ने कहा कि वे लोग पहले ही ये नाम तय कर लिए थे। गौरतलब है कि जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने नाटकीय उलटफेर के बाद रविवार को रिकॉर्ड नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने नाता तोड़कर अपने पुराने सहयोगी भाजपा के साथ नई सरकार बनाई जिससे उन्होंने दो साल पहले नाता तोड़ा था। अब नीतीश अपने पुराने ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साध रहे हैं।

नीतीश ने कहा कि वह विपक्षी गठबंधन का नाम 'इंडिया' की जगह कुछ और रखने का आग्रह कर रहे थे। उन्होंने कहा, "मैं उनसे गठबंधन के लिए कोई दूसरा नाम चुनने का आग्रह कर रहा था। लेकिन उन्होंने इसे पहले ही तय कर लिया था। मैंने बोल दिया था कि ये नाम ठीक नहीं है लेकिन तब तक वो लोग कर दिए थे। फिर हमने कहा ठीक है। लेकिन अब उनकी हालत देख लीजिए। मैं बहुत कोशिश कर रहा था। वो एक काम नहीं कर रहे थे। उन्होंने कुछ नहीं किया। आज तक उन्होंने यह तय नहीं किया कि कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यही कारण है कि मैंने उन्हें छोड़ दिया और वापस वहीं आ गया जिसके साथ मैं शुरू में था। मैं बिहार के लोगों के लिए काम करता रहूंगा।"

इससे पहले बिहार में जाति सर्वेक्षण को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तीखा हमला बोला है। नीतीश ने कहा कि 'जाति जनगणना मैंने करवाई लेकिन इसका क्रेडिट वो ले रहे हैं।' कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महागठबंधन के सहयोगियों के दबाव में जाति सर्वेक्षण कराने का आदेश दिया, जिसके बाद वह खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे थे।

राहुल के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश कुमार ने कहा, "जातीय जनगणना कब हुई थी। क्या वह भूल गए हैं? हमने 9 पार्टियों को बिठाकर इसे करवाया था। 2019-2020 में विधानसभा से लेकर सार्वजनिक बैठकों तक हर जगह हम जाति जनगणना कराने की बात कहते थे। 2021 में प्रधानमंत्री से भी मिलने गए। उन्होंने (पीएम ने) कह दिया था कि अभी तो हम लोग नहीं करेंगे। फिर हमको अहसास हुआ और हमने सभी लोगों को बुलाया। तो ये (जाति गणना) हमने करवाई है। ये सब मेरा किया हुआ है। वह फर्जी क्रेडिट ले रहे हैं। मैं क्या कर सकता हूं? छोड़िए न इस सबको।"

राहुल ने पूर्णिया जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए जदयू अध्यक्ष को आडे हाथों लिया। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आपको (लोगों को) यह समझने की जरूरत है कि कांग्रेस और राजद (महागठबंधन के सबसे बड़े घटक) द्वारा जाति सर्वेक्षण सुनिश्चित करने के बाद नीतीश कुमार खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे थे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्हें बाहर निकलने का रास्ता दे दिया।’’ अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के क्रम में पूर्णिया जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बार-बार पाला बदलने के लिए कुमार पर कटाक्ष भी किया।

 

Back to top button