14 लाख से अधिक नागरिकों ने मप्र पुलिस के सिटीजन पोर्टल सर्विस पर किया ‘लॉग इन’
बदलती पुलिस व्यवस्था की पहचान बनी सिटीजन पोर्टल सर्विस

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस, आमजन को ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न नागरिक सेवाएं प्रदान कर रही है। इस सेवा का लाभ लेकर नागरिक आसानी से शिकायतें दर्ज कर उनका समाधान घर बैठे प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा अन्य सेवाओं का लाभ अल्प समय में ले रहे हैं। मध्यप्रदेश पुलिस नागरिक पोर्टल सर्विस, बदलती हुई पुलिस व्यवस्था की बड़ी पहचान बन गई है। इस सिटीजन पोर्टल पर अब तक 4,01,750 यूजर्स पंजीकरण करवा चुके हैं और 14,81,693 यूजर्स लॉग इन कर चुके हैं।

पुलिस का उद्देश्य इस सिटीजन पोर्टल के माध्यम से आम जनता की परेशानियों को दूर करना है। नागरिक घर बैठे अपनी यूजर आईडी बनाकर विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। बस एक क्लिक के माध्यम से आप पोर्टल पर कोई भी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं और तुरंत एक पंजीयन नंबर प्राप्त कर जांच की प्रगति की नियमित जानकारी अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं। इस सिटीजन पोर्टल पर आवेदक हर समय ऑनलाइन शिकायत, ई–एफआईआर, चरित्र सत्यापन, किराएदार सत्यापन, कर्मचारी सत्यापन आदि करवा सकते हैं, साथ ही अज्ञात मृतक के बारे में जानकारी, गुमशुदा व्यक्ति को तलाश करने की जानकारी, गुमशुदा संपत्ति या चोरी व लूटे हुए वाहन की जानकारी जैसी कई जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। इस पोर्टल के माध्यम से आवेदक बेझिझक अपनी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं और कानून–व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग कर सकते हैं। यदि आप किसी पुलिस कार्यालय से संपर्क भी करना चाहते हैं तो इस पोर्टल पर उनके संपर्क सूत्र आसानी से उपलब्ध हैं।
पोर्टल के जरिये आमजन को उपलब्ध करवाई जा रहीं ये सेवाएं
ई एफआईआर – इसके माध्यम से आवेदक या शिकायतकर्ता संबंधित पुलिस स्टेशन में ‘ऑनलाइन एफआईआर’ दर्ज करवा सकते हैं।
शिकायत आवेदन : शिकायत आवेदन सेवा के माध्यम से आवेदक शिकायत के विभिन्न चरणों की अद्यतन स्थिति नागरिक पोर्टल पर देख सकते हैं।
खोयी हुई संपत्ति का पंजीकरण : इस सेवा के माध्यम से नागरिकों द्वारा खोई हुई वस्तुओं का पंजीकरण करवाया जा सकता है। जैसे मोबाइल, बैंक ड्राफ्ट, बैंक चेक, क्रेडिट/डेबिट/एटीएम कार्ड, शैक्षिक प्रमाण–पत्र, राशन कार्ड, पंजीकरण प्रमाण–पत्र, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण–पत्र, राज्य/केंद्रीय बोर्ड द्वारा जारी मार्कशीट आदि (जिसकी पावती डिजिटली लिंक के माध्यम से सत्यापित की जा सकती हैं)।
पुलिस के लिए सूचना : इस सुविधा का उद्देश्य नागरिकों को पुलिस स्टेशन या उच्च कार्यालय में संदिग्ध गतिविधियों/अपराध विवरण के बारे में जानकारी दर्ज करने में सुविधा प्रदान करना है।
चरित्र सत्यापन : आवेदक नागरिक पुलिस स्टेशन/वरिष्ठ कार्यालय में जाए बिना ऑनलाइन चरित्र सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं और प्रमाण–पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
घरेलू सहायक सूचना : नागरिक अपने घरों में काम करने वाले घरेलू सहायक (नौकर) की जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध करा सकते हैं।
गुमशुदा का रजिस्ट्रेशन एवं सूचना : इस सुविधा के माध्यम से आप किसी के गुम होने की शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
एकल महिला पंजीकरण : जो महिला अपने घर से किसी अनजान शहर में अकेली निवासरत है और नौकरी कर रही है तो वह नागरिक पोर्टल पर जाकर एकल महिला का पंजीकरण कर सकती है एवं एकल महिला इस सुविधा के माध्यम से अपने अकेले रहने की सूचना महिला थाना को दे सकती है।
वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण : मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अनुकरणीय पहल करते हुए, वरिष्ठ नागरिकों हेतु सिटीजन पोर्टल के माध्यम से वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण सेवा प्रदान की गई है, जिसमें पंजीकरण कराते ही निकटस्थ पुलिस थाने में अपने अकेले रहने की सूचना दे सकते हैं।
किरायेदार/पीजी सूचना : इस सेवा के माध्यम से नागरिक अपने घर में रहने वाले किरायेदार/पीजी की जानकारी संबंधित पुलिस थाने को उपलब्ध करवा सकते हैं।
गिरफ्तार व्यक्ति : यह सर्च विभिन्न मापदंडों जैसे– गिरफ्तार व्यक्ति का नाम, पुलिस स्टेशन, तारीख आदि के आधार पर की जा सकती है।
अज्ञात शव देखें : यह सेवा नागरिकों को मध्य प्रदेश में मिले अज्ञात शव को देखने में मदद करती है।
जब्त वाहन देखें : यदि किसी व्यक्ति का वाहन खो गया है तो वह इस सेवा के माध्यम से मप्र के सभी पुलिस थानों द्वारा रिपोर्ट किए गए जब्त/बरामद वाहनों का विवरण खोज सकता है।
चोरी/लूटे गए वाहन देखें : नागरिक मध्यप्रदेश के किसी भी पुलिस थाने द्वारा रिपोर्ट किये गये चोरी/खोये हुए वाहनों का विवरण देख सकते हैं।
एफआईआर देखें : मध्यप्रदेश के नागरिक विभिन्न खोज मापदंडों जैसे–पुलिस स्टेशन का नाम, तिथि सीमा आदि के आधार पर एमपी के किसी भी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर को देख सकते हैं (संवेदनशील मामलों को छोडक़र)।
टेलीफोन डायरेक्ट्री : मध्य प्रदेश के नागरिक विभिन्न थाना एवं वरिष्ठ कार्यालयों के दूरभाष नंबर प्राप्त किए जा सकते हैं।