मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, सदन से लेकर सड़क तक हंगामा, सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित …

भोपाल। आज 13 सितंबर मंगलवार से शुरू हुआ मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र  17 सितंबर तक चलेगा। सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस ने सदन के बाहर हंगामा कर दिया। विधानसभा के सामने कांग्रेस नेताओं ने लहसुन लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा के गेट पर लहसुन फेंका और सरकार पर जमकर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि सरकार बनाने के लिए विधायक खरीद सकते हैं, लेकिन किसानों का लहसुन नहीं।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व करीब सवा 10 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक  हुई। इसमें कारम डैम, पोषण आहार पर सीएजी की रिपोर्ट, भर्तियों, परीक्षाओं में गड़बड़ी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई। ठीक 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। शुरुआत में दिवंगतों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद विपक्षी विधायकों ने किसानों के मुद्दे पर हंगामा शुरू कर दिया, इस पर 12.50 बजे सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।  इस बार नगरीय निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव, बाढ़ और अतिवृष्टि से परेशान किसानों को मुआवजा नहीं मिलने और कानून व्यवस्था समेत कैग की रिपोर्ट को लेकर सदन में भी हंगामे के आसार हैं।

इससे पूर्व लहसुन लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायक सचिन यादव और कुणाल चौधरी ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया तथा विधानसभा के गेट पर लहसुन बिखेर दी। इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जीतू पटवारी समेत अन्य लोग भी मौजूद थे। सचिन यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विधायक खरीद सकती है, लेकिन किसानों का लहसुन नहीं खरीद सकती है। कांग्रेसियों ने अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी भी की। कांग्रेस का कहना था कि आज किसानों को अपनी उपज सड़कों पर फेंकने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्हें एक रुपए किलो दाम मिल रहे हैं। किसानों की तमाम योजनाएं बंद की जा रही है। आज जब किसानों की उपज खरीदने की बात आती है तो उसकी लागत का भी दाम नहीं दे पा रहे हैं। अब लागत मूल्य दोगुनी हो गई है।

अनूपूरक बजट पेश करेगी सरकार

इस सत्र में सरकार वर्ष 2022-23 का अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेंगी। वित्त विभाग के अनुसार अनुपूरक बजट 2500 करोड़ से ज्यादा राशि का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री 15 सितंबर को अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेंगे। कांग्रेस सदन में कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। 5 दिवसीय मानसून सत्र के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों ने 1,516 सवाल लगाए हैं। जबकि, 18 स्थगन, 216 ध्यानाकर्षण और अशासकीय संकल्प की सूचनाएं विधानसभा सचिवालय को मिलीं हैं।

एक दिन कम हो सकता है

जानकारों का कहना है कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्योपुर के कूनो पालपुर पहुंच रहे हैं। इससे एक दिन पहले ही 16 सितंबर को विधानसभा का सत्र खत्म हो सकता है। क्योंकि, मुख्यमंत्री समेत मंत्री और विधायक भी श्योपुर में रहेंगे।

मप्र विधानसभा में नहीं होगा लंच ब्रेक

मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत मंगलवार से हो गई। इसी बीच विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा- सदन में सभी विधायकों को अपनी बात रखने का मौका मिले, इसलिए लंच ब्रेक नहीं होगा। सदन शाम 7:30 बजे तक चलेगा। डेढ़ घंटे का जो लंच ब्रेक होता था, वह नहीं होगा। सत्र जारी रहेगा, इस बीच विधायक बीच में आते-जाते लंच कर सकेंगे।

Back to top button