मध्य प्रदेश

मिशन 2023: मध्यप्रदेश में भाजपा ने दिया ‘अबकी बार 200 पार’ नारा, पार्टी ने शुरू किया मंथन

50 प्रतिशत वोट शेयर का लक्ष्य किया तय,  प्रदेश अध्यक्ष बोले-गुजरात की जीत एमपी में भी दोहराएंगे

भोपाल/कटनी। मिशन 2023 की चिंता करते हुए मध्य प्रदेश के लिये बीजेपी ने अभी से मंथन शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश में अगले साल यानी 2023 में चुनाव होना है, लेकिन बीजेपी ने तैयारी अभी से ही शुरू कर दी है। गुजरात चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी ने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। सत्ता-संगठन में बड़े बदलाव और फेरबदल की सुगबुगाहट के बीच पार्टी के सीनियर लीडर्स ने गुजरात फॉर्मूला एमपी में भी लागू करने के संकेत दिए हैं। इसी के चलते कटनी में शनिवार को आयोजित पार्टी की बड़ी मीटिंग में पहली बार नेताओं ने ‘अबकी बार 200 पार’ का नारा दिया। साथ ही 50 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य रखकर कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरने की सलाह दी है।

बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया समेत प्रदेशभर से सीनियर नेता और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। कटनी की इस बैठक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पहली बार बीजेपी के सीनियर लीडर्स ने सीटों को लेकर खुलकर बात की। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह बैठक 2023 का शंखनाद है। यहां से हम ‘अबकी बार 200 पार’ का संकल्प लेकर राजनीतिक इतिहास बनाएंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में सरकार बनी है। किसी भी राज्य में इतनी बड़ी प्रचंड जीत पहले कभी नहीं मिली।

एमपी संगठन को गुजरात में 37 सीटों का टारगेट मिला था, 35 पर की जीत दर्ज

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि गुजरात चुनाव में 53 प्रतिशत वोट शेयर मिला है। मध्यप्रदेश में भी हम इस दिशा में बढ़ रहे हैं। विधानसभा चुनाव-2023 में 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट शेयर का टारगेट है। वोट शेयर का संकल्प पूरा करते हुए गुजरात की जीत को मध्यप्रदेश में भी दोहराएंगे। गुजरात चुनाव में मध्यप्रदेश संगठन को 37 सीटों की जबावदारी मिली थी। प्रदेश के 90 कार्यकर्ताओं की टीम ने इस सीटों पर चुनाव की कमान संभालते हुए 35 सीटों पर जीत हासिल की।

पीएम की नीतियों के कारण भाजपा पर विश्वास बढ़ा : विजयवर्गीय

बैठक में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की नीतियों के कारण जनता का बीजेपी पर विश्वास बढ़ा है। प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ऐसी योजनाएं हैं, जिनका अनुसरण अनेक राज्यों ने किया है। हमारे पास कार्यकर्ताओं का बूथ स्तर तक मजबूत तंत्र है। इन सबके साथ हमारे सामने कुछ चुनौतियां हैं, जिन्हें हमें दूर करना है। सरकार की नीतियों एवं संगठन तंत्र की मजबूती के कारण आने वाले चुनाव में हमें 200 पार सीटें जीतने से कोई नहीं रोक सकता।

हम 200 पार के लक्ष्य को अवश्य करेंगे पूरा : मुरलीधर राव

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान आज देशभर में आदर्श राज्य के रूप में है। सरकार, संगठन, कार्यकर्ता और जनता की दृष्टि से हमारे प्रदेश की पहचान अन्य राज्यों से अलग है। मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन बेहतर समन्वय के साथ काम करती है। हमें इसी विशिष्ट पहचान को बनाए रखना है। हम पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। हमारे प्रदेश और जिला पदाधिकारी संगठन विस्तार में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। यह भूमिका और अधिक बढ़ने वाली है। क्योंकि हमारे सामने 51 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर को बढ़ाने और 200 पार विधानसभा सीट जीतने का असाधारण लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए बूथ कार्य विस्तार योजना भी प्रारंभ होने वाली है। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में जो अनुकूल परिस्थितियां हैं, उसे देखकर कहा जा सकता है कि हम अपने लक्ष्य को अवश्य ही पूर्ण करेंगे।

Back to top button