मध्य प्रदेश

शिवराज कैबिनेट की बैठक में अनेक अहम फैसले, अब हेलमेट न लगाने पर 300 रुपये जुर्माना

नर्मदापुरम में 150 करोड़ से फोरलेन मार्ग निर्माण और सागर मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटें बढ़ाने को भी हरी झंडी

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर अर्थदंड ढाई सौ रुपये से बढ़ाकर तीन सौ रुपये तथा सीट बेल्ट न लगाकर वाहन चलाने पर 500 रुपये जुर्माना लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। आपातकालीन वाहनों को गुजरने के लिए रास्ता देने में असफल रहने पर पहली बार अर्थदंड का प्रावधान भी किया गया है।

यह जानकारी गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय में हुई इस कैबिनेट बैठक में इसके अलावा भी कई अहम निर्णय लिए गए। इस बैठक में मुख्यमंत्री अधोसंरचना निर्माण योजना की शुरुआत करने का निर्णय लिया गया। इस योजना के तहत प्रदेश के नगरीय निकायों में विकास कार्य होंगे। इसके लिए वर्ष 2022 23 और 2023-24 के लिए 800 करोड़ रुपये का प्रविधान होगा। सिवनी में 108 करोड़ रुपए की लागत से सड़कें बनाई जाएंगी। नर्मदापुरम में 150 करोड़ से फोरलेन मार्ग निर्माण और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीजी के लिए 85 सीटें बढ़ाने को भी कैबिनेट ने हरी झंडी दी है। मिश्र ने बताया कि जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देने के लिए भी प्रयास किए गए हैं। तवा नदी पर फोरलेन स्तरीय पुल के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई। सिवनी जिले के बंडोल बांध आदि की स्वीकृति दी गई है। वहीं, सीहोर जिले के लिए कई मार्गों के लिए भी राशि स्वीकृत करने की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि बैठक में तय किया गया कि दिल्ली में बने मध्यप्रदेश भवन का लोकार्पण दो तारीख को होगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी मंत्री मौजूद रहेंगे। सीएम ने विकास यात्रा 5 से 25 के बीच निकल रही है, उसके संबंध में सभी प्रभारी मंत्रियों को इसकी समीक्षा के लिए कहा गया है।

Back to top button