मध्य प्रदेश

मंदसौर कलेक्टर गौतम सिंह का तबादला, दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर

भोपाल। राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की है। जारी आदेश में मंदसौर कलेक्टर गौतम सिंह को अपर संचालक, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड और अपर कलेक्टर जिला भोपाल तथा प्रशासक, मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड, भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) दिलीप कुमार यादव को कलेक्टर मंदसौर बनाया गया है।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में डेव्हलपमेंट कोर ग्रुप का गठन

राज्य शासन ने प्रदेश में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास कार्यों, केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा तथा जनोन्मुखी विकास के लिए आवश्यक योजनाओं/कार्यक्रमों की स्वीकृति की अनुशंसा किए जाने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में डेव्हलपमेंट कोर ग्रुप का गठन किया है। डेव्हलपमेंट कोर ग्रुप की बैठक वर्ष में दो बार होगी। समिति में पुलिस महानिदेशक, अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव वन, जल संसाधन, ऊर्जा,गृह,वित्त, लोक निर्माण, आदिम जाति कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं महिला बाल विकास,लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण,स्कूल शिक्षा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एएनओ, सदस्य होंगे। अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास कोर ग्रुप के सदस्य सचिव होंगे।

बाबूलाल बंजारा राज्य विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ जाति विकास अभिकरण के अध्यक्ष

नीमच जिले के मेलखेड़ा बगुनिया ग्राम के बाबूलाल बंजारा को मध्यप्रदेश राज्य विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ जाति विकास अभिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री बंजारा को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम 3 वर्ष अथवा अगले आदेश तक के लिये अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

कृष्ण मोहन सोनी ‘मुन्ना’ बीडिए अध्यक्ष व सुनील पाण्डे और अनिल अग्रवाल उपाध्यक्ष नियुक्त

राज्य शासन द्वारा कृष्ण मोहन सोनी ‘मुन्ना’ को भोपाल विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही सुनील पाण्डे और अनिल अग्रवाल ‘लिली’ को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इंदौर विकास प्राधिकरण में राकेश ‘गोलू’ शुक्ला को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक के लिये नियुक्त किया गया है।

Back to top button