मध्य प्रदेश

नागदा को जिला बनाने से तेज होगी विकास की रफ्तार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

भोपाल। नागदा को जिला बनाने के संबंध में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा स्वागत योग्य है। इससे स्थानीय जनता को सुविधाएं तो मिलेंगी ही, क्षेत्र में विकास की रफ्तार भी तेज होगी। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नागदा को जिला बनाए जाने की घोषणा पर हर्ष व्यक्त करते हुए कही। शर्मा ने इस घोषणा के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का आभार भी जताया। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा का यह मानना रहा है कि सुशासन और विकास के लिए विकेंद्रीकरण आवश्यक है। जनता की आकांक्षाओं और विकास की जरूरतों को टालना भाजपा का स्वभाव नहीं है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और झारखंड को अलग राज्य बनाने की जनता की मांग को कांग्रेस की सरकारें दशकों तक टालती रहीं, अनदेखी करती रहीं। वोटों के गुणा भाग में निर्णय को टालती रहीं, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल की सरकार ने न सिर्फ इस बारे में निर्णय लिया, बल्कि इतनी सहजता के साथ उसे लागू किया कि आज भी सारा देश उनके इस काम की तारीफ करता है। शर्मा ने नागदा को जिला बनाए जाने पर स्थानीय नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री चौहान की सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करें।

Back to top button