मध्य प्रदेश

मैहर बीजेपी विधायक बोले- ‘मुझे न दल की चिंता और न टिकट की, जो कहता हूं दिल से कहता हूं

पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने की चेतावनी के बाद विधायक नारायण प्रसाद त्रिपाठी ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

भोपाल। अपने बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले सतना के मैहर से बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने आज फिर ऐसा बयान दिया है, जिससे सियासत गर्मा गई है। उन्होंने कहा कि मुझे न दल की चिंता, न टिकट की चिंता। ये एक बार नहीं, हजारों बार मैं कह चुका हूं। जो कहता हूं दिल से कहता हूं। मैं हर समय राजनीति नहीं करता। मैं दल और धर्म से ऊपर उठकर हमारे विंध्य क्षेत्र के लिए राजनीति करता हूं। मेरे क्षेत्र के सम्मान और स्वाभिमान के लिए जब-जहां-जैसा समय आएगा, मैं लड़ाई लड़ने को तैयार रहूंगा।
विधायक त्रिपाठी ने यह बयान शनिवार को भोपाल के व्यापमं चौराहे पर लगी पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सीएम अर्जुनसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कही। श्री त्रिपाठी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। दरअसल, करीब सवा तीन साल से अधिक समय से लोकार्पण का इंतजार कर रही अर्जुन सिंह की प्रतिमा का 4 मार्च से पहले लोकार्पण करने की चेतावनी कुछ दिन पूर्व नारायण त्रिपाठी ने की थी। त्रिपाठी ने कहा कि हमने पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा को नानके पेट्रोल पंप पर जंजीरों में जकड़ा देखा था। अर्जुन सिंह हमारे विंध्य की शान हैं, मान सम्मान के प्रतीक हैं। बहुत पहले ही तय किया था कि 4 तारीख को उनकी पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाए। उन्होंने बताया कि अब सीएम खुद 7 मार्च को आएंगे और सम्मानजनक तरीके से इस प्रतिमा का अनावरण करेंगे। जातिगत और दल की राजनीति से उठकर हम चाहते थे कि इसका ससम्मान अनावरण हो। नारायण त्रिपाठी ने कहा कि मैंने राजनीति की शुरुआत अर्जुन सिंह जिंदाबाद कहते हुए की है। मैं कुछ बोलता हूं तो इसका मतलब राजनीति में लोग अलग-अलग निकाल लेते हैं। कोई कहता है कुछ जुगाड़ में है।
ज्ञात हो कि आज पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि है। बीते सवा तीन साल से प्रतिमा का अनावरण अटका हुआ है। राजधानी में चर्चा थी कि विधायक त्रिपाठी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके चलते बड़ी संख्या में विंध्य क्षेत्र के लोग और नेता व्यापमं चौराहे पर इकट्‌ठा हो गए। इनमें कई कांग्रेस नेता भी मौजूद थे। इसे लेक भोपाल पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर था। मूर्ति के चारों तरफ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी है। हालांकि, बाद में त्रिपाठी ने 7 मार्च को कार्यक्रम होने की जानकारी दी। व्यापमं चौराहे पर धूल खा रही हैं। अनावरण के लिए न तो निगम आगे आया और न ही कांग्रेस ने पहल की। 11 अक्टूबर 2019 में कांग्रेस की सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा टीटी नगर में नानके पेट्रोल पंप चौराहे पर स्थापित की गई थी। यहां पहले चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा लगी थी। मामला हाईकोर्ट में चला गया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद निगम ने पूर्व सीएम की प्रतिमा को टीटी नगर से हटाकर व्यापमं चौराहे पर शिफ्ट कर दिया था। इस दौरान कांग्रेसियों ने आपत्ति भी जताई थी। जिस प्रतिमा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, उसका अब तक अनावरण भी नहीं किया गया है। व्यापमं चौराहे की एक साइड में यह प्रतिमा स्थापित है।

Back to top button