मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश राज्यसेवा परीक्षा 21 मई को, कुल 427 पदों के लिए होगी परीक्षा

21 मई को ही मप्र राज्‍य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2022 भी होगी, यह परीक्षा कुल 15 पदों के लिए होगी

इंदौर। मप्र लोकसेवा आयोग (पीएससी) ने राज्यसेवा परीक्षा-2022 की घोषणा शुक्रवार को कर दी। प्रारंभिक परीक्षा 21 मई 2023 को होगी। राज्यसेवा में कुल 427 पद घोषित किए गए हैं। इसमें डिप्टी कलेक्टर के 27 पदों के साथ डेढ़ सौ से ज्यादा पद द्वितीय श्रेणी के हैं। वहीं, 240 से ज्यादा पद तृतीय श्रेणी के घोषित हुए हैं। साथ ही पीएससी ने राज्य वनसेवा परीक्षा- 2022 की भी घोषणा कर दी है। वनसेवा में कुल 15 पद घोषित किए गए हैं।

अधिकृत जानकारी के अनुसार, राज्यसेवा परीक्षा के लिए 10 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन जमा होंगे, जो 9 फरवरी को दोपहर 12 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। 14 मई को प्रवेश पत्र प्रदान किए जाएंगे। राज्यसेवा और राज्य वनसेवा के लिए प्रारंभिक परीक्षा एक साथ 21 मई को आयोजित होगी। दो पालियों में सामान्य अध्ययन और सामान्य अभिरुचि के प्रश्नपत्र लिए जाएंगे।

नए फार्मूले से ही घोषित होगा परीक्षा परिणाम

ओबीसी आरक्षण के लंबित विवाद के चलते पीएससी ने इस परीक्षा का परिणाम भी सामान्य प्रशासन विभाग के 87-13-13 के फार्मूले पर घोषित करने की बात कही है। अंतिम परिणाम याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। तब तक पदों के मुकाबले 87 प्रतिशत मुख्य परिणाम घोषित होगा। 13 प्रतिशत ओबीसी और 13 प्रतिशत अनारक्षित वर्ग की प्रावधिक चयन सूची अलग से जारी की जाएगी।

Back to top button