मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश पुलिस बनी प्रेमी युगल के लिए फरिश्ता : परिजन के विरोध के बावजूद मंदिर में शादी कराकर दहेज के साथ किया विदा …

कटनी। कटनी के बड़वारा में जब परिवार प्रेम में रोड़ा बना तो युवती थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से कहा कि वह प्रेमी के साथ रहना चाहती है। वह उसी से शादी करेगी। परिवार वाले शादी नहीं करने दे रहे हैं। पुलिस ने दोनों की थाने के बाहर मंदिर में शादी कराई, खाना खिलाया और दहेज देकर विदा कर दिया।

कटनी के बड़वारा थाना पुलिस के शादी कराने का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने बताया कि सिहजनी गांव निवासी रेणु चौधरी थाने पहुंची थी। रेणु ने पुलिस को बताया कि वह पन्ना जिले के शाहनगर निवासी विनोद चौधरी से प्यार करती है, लेकिन माता-पिता शादी नहीं करवा रहे हैं। रेणु चौधरी ने बताया कि वह विनोद चौधरी के बिना जी नहीं सकती, उसके बिना जीवन जीने की कल्पना तक नहीं कर सकती। परिवार वाले शादी से रोक रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए।

बड़वारा थाना प्रभारी अंकित मिश्रा ने शिकायत की जानकारी एसपी मयंक अवस्थी को दी। एसपी के निर्देश पर बड़वारा पुलिस ने लड़के और लड़की पक्ष के लोगों को थाने बुलाया। दोनों पक्ष के परिजनों को समझाया गया। इसके बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए।

पुलिस थाने के बाहर बने मंदिर में शादी का आयोजन किया गया। पंडित और परिजनों के सामने रेणु और विनोद ने सात फेरे लिए। शादी में बड़वारा विधायक विजयराघवेन्द्र सिंह सहित क्षेत्र जनप्रतिनिधि भी पहुंचे थे। दोनों पक्षों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए जनप्रतिनिधियों और पुलिस ने उपहार भी भेंट किए। पुलिस ने शादी के बाद भोजन की व्यवस्था भी की थी। पुलिस ने वैवाहिक कार्यक्रम पूरा होने के बाद दोनों पक्षों को उनके गांव भिजवाया।

Back to top button