मध्य प्रदेश

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में सांस्कृतिक भव्यता के साथ हुआ मध्यप्रदेश दिवस समारोह

वोकल फार लोकल और लोकल टू ग्लोबल थीम पर लगा मध्यप्रदेश का मंडप

भोपाल। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 41वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2022 में आज मध्यप्रदेश दिवस समारोह का सांस्कृतिक भव्यता के साथ आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष लघु उद्योग निगम श्रीमती इमरती देवी, सचिव सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम पी. नरहरि, महाप्रबंधक लघु उद्योग निगम रोहित सिंह और आवासीय आयुक्त पंकज राग द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विशेष आयुक्त श्रीमती अनुग्रह पी. सहित मध्यप्रदेश शासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

श्रीमती इमरती देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लघु उद्योग निगम ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाने में हरसंभव सहायता दे रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे मंच से मध्यप्रदेश की गरीब महिलाओं को विदेशों में अपनी कला और कौशल का प्रचार-प्रसार करने के अच्छे अवसर मिलेंगे।

’’वोकल फार लोकल और लोकल टू ग्लोबल’’ थीम पर किया गया मप्र मण्डप का निर्माण

सचिव श्री नरहरि ने बताया कि आजादी की 75वीं वर्षगाँठ पर आयोजित इस व्यापार मेले में मध्यप्रदेश मण्डप का निर्माण ’’वोकल फार लोकल और लोकल टू ग्लोबल’’ थीम पर किया गया है। मण्डप इन्दौर में निकट भविष्य में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और प्रवासी भारतीय दिवस में भाग लेने के लिए आगन्तुकों को निमंत्रित करता है। यह मण्डप आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश रोड मैप सहित प्रदेश की नीतियों, उपलब्धियों, सांस्कृतिक धरोहर, कला और संस्कृति का अवलोकन करने का मौका प्रदान करता है।  छतरपुर की माटी शिल्प और भोपाल की जरी-जरदोजी कला का सजीव प्रदर्शन भी मण्डप में किया जा रहा है।

प्रदेश की समृद्ध संगीत और नृत्य विरासत का प्रदर्शन

मध्यप्रदेश दिवस समारोह में प्रदेश की समृद्ध संगीत और नृत्य विरासत का प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भेरू सिंह चौहान और समूह ने मालवा क्षेत्र के कबीर लोक गायन और संजय महाजन और समूह ने निमाड़ क्षेत्र के गणगौर लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह में शासकीय और निजी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी वितरित किये गये। मध्यप्रदेश माटी कला बोर्ड को पहला पुरस्कार और मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन को दूसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ।

Back to top button