मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश विधानसभा बजट सत्र: ओलावृष्टि और बोर्ड परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा- किसानों से जुड़े इस बड़े मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं, संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा बोले- कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति कर रही

भोपाल। मप्र विधानसभा में कांग्रेस के सदस्यों ने पेपर लीक होने और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत न पहुंचाने के मामले में सोमवार को बहिर्गमन किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा की सरकार किसानों से जुड़े इस बड़े मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं है। अभी तक सर्वे प्रारंभ नहीं हुआ है। किसी भी किसान को सहायता नहीं मिली है। हम इन दोनों मुद्दे को लेकर बहिर्गमन करते हैं। वहीं संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है। इनका कोई नेता किसानों के बीच नहीं पहुंचा है।
विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन विपक्ष ने सरकार को महू की घटना, ओलों से तबाह फसल, 10वीं-12वीं के पेपर लीक होने पर घेरा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि 20 लाख स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। बच्चों की फीस वापस की जाए। ओलों से किसान बर्बाद हो गए, अब तक सर्वे शुरू नहीं हुआ। राजस्व अधिकारियों की हड़ताल रोकने के लिए सरकार ने कोई पहल नहीं की। कांग्रेस इन दोनों मुद्दों को लेकर वॉकआउट करती है। कांग्रेस के वॉकआउट पर संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ये तरीका ठीक नहीं। बिना जवाब सुने वॉकआउट करते हैं। इनके दोनों नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह एक भी खेत में नहीं गए। ये घडियाली आंसू बहाते हैं।
खराब फसल लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायक
कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी खराब फसल लेकर विधानसभा पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल चौपट हो गई है। सरकार जल्द से जल्द सर्वे कराकर मुआवजा दे। चौधरी ने कहा, सरकार मुंह चलाने की जगह काम पर ध्यान दे। सदन में सारे काम रोककर सिर्फ दो दिन किसानों पर चर्चा होना चाहिए। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह बोले- सभी किसानों को राहत राशि दी जाएगी। कांग्रेस ने तो अपने समय एक पैसा किसानों को नहीं दिया। कांतिलाल भूरिया ने कहा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा था कि मैं एक-एक पैसा किसानों का चुकाऊंगा। अब इसका समय आ गया है।
जिनके घर बुलडोजर चले, हम उनकी लड़ाई लड़ेंगे
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने सदन शुरू होने से पहले कहा, जिनके घरों पर बुलडोजर उनकी कानूनी लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी। ऐसे लोग हमसे मिलें, हम सुप्रीम कोर्ट तक उनके लिए लड़ेंगे। सजा देने का काम न्यायपालिका का है, मुख्यमंत्री का नहीं। महू घटना के दोषियों पर बुलडोजर नहीं चला, सिर्फ निर्दोषों के घर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
कांग्रेस किसानों का भला नहीं चाहती
कांग्रेस के वॉकआउट को मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्टंट बताया। कहा कांग्रेस का वॉकआउट मात्र एक स्टंट था। कांग्रेस किसानों का भला नहीं चाहती है। एक विधायक या बड़े दिग्गज नेता का नाम दे दें जो किसानों के बीच गए हैं। जनता को भड़काने का काम कांग्रेस कर रही है। कहा कि स्टंट करना कांग्रेस को आता है, हमारी सरकार किसानों के साथ है। सभी जगहों पर सर्वे का काम तेजी से जारी है। कुछ जगहों पर देर हुई है क्योंकि वहाँ कितना नुक़सान हुआ है इसका आकलन करना था लेकिन सरकार जल्द से जल्द सर्वे कर मुआवजा देने की कोशिश कर रही है।
महू घटना का मुद्दा भी उठा
विधानसभा के ध्यानाकर्षण के बीच पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने कानून व्यवस्था और महू घटना का मुद्दा उठाया। मुद्दा उठाये जाने पर सदन में हंगामा हुआ। अध्यक्ष ने कहा कि जब इस विषय पर चर्चा हो चुकी है तो ध्यानाकर्षण के समय यह मुद्दा दोबारा क्यों उठाया जा रहा है। इसे लेकर सदन में विधायकों के बीच जमकर बहस हुई।

Back to top button