धर्म

दर्पण की दिशा आपके लिए कितनी शुभ, कितनी अशुभ, यहां जानें …

दर्पण दैनिक जीवन में प्रयोग होने वाली महत्वपूर्ण वस्तु है। आप के घर में लगे दर्पण का प्रभाव आप पर शुभ है या अशुभ ये जानना अत्यंत आवश्यक है।

दर्पण से एक प्रकार की उर्जा निकलती है, ये कितनी नकारात्मक है या कितनी सकारात्मक ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप ने दर्पण किस स्थान पर व किस दिशा में लगाया है। दर्पण से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण नियम –

  • घर के मुख्य द्वार के सामने दर्पण लगा हो तो घर में प्रविष्ट होने वाली सकारात्मक उर्जा वहीं से बाहर निकल जाती हैं। अतः मुख्य द्वार के सामने दर्पण कभी न लगाएं।
  • लंबे गलियारों में दर्पण अवश्य लगाएं।
  • डाइनिंग टेबल के पास आप दर्पण लगा सकते हैं, इससे आपके भाग्य में वृद्धि होगी व अन्न भंडार भरे रहेंगे।
  • शयनकक्ष में दर्पण कदापि न लगाएं, विशेषकर पलंग के आगे पीछे। यदि सोते हुए व्यक्ति का प्रतिबिम्ब दर्पण में दिखे तो स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पति पत्नी के शयनकक्ष में दर्पण हो तो वैवाहिक संबंधों में आपसी विश्वास की कमी व मतभेद के कारण अत्यधिक तनाव उत्पन्न होता है।
  • यदि अति आवश्यक हो तो दर्पण इस प्रकार से लगाएं कि सोते समय आपका प्रतिबिम्ब उसमें न दिखे।
  • रसोईघर में विशेष रूप से गैस चूल्हे के पास दर्पण कभी नहीं लगाएं। इससे अग्नि तत्व में वृद्धि होगी जिसके कारण घर में अग्नि कांड हो सकता है या फिर करंट भी लग सकता है।
  • स्नानघर में प्रायः दर्पण लगाया जाता है। परंतु इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखना आवश्यक है कि दर्पण द्वार के सामने न हो। क्योंकि दर्पण का कार्य है प्रवर्तन (रिफ्लेक्ट) करना सभी प्रकार की उर्जा को, फिर चाहे वो सकारात्मक उर्जा हो या नकारात्मक। प्रातः उठने के बाद नकारात्मक उर्जा का प्रवाह अधिक होता है। अतः जब स्नानघर में प्रवेश करतें हैं तो दर्पण द्वारा रिफ्लेक्ट होकर नकारात्मक उर्जा कक्ष में पुनः लौट आती है।
  • अपने घर में दर्पण कभी भी पश्चिम या दक्षिण दिशा की दीवार पर न लगाएं। दर्पण सदैव उत्तरी एवं पूर्वी दीवार पर ही लगाएं क्योंकि इन दिशाओं में लगे दर्पण सकारात्मक ऊर्जा को रिफ्लेक्ट करते हैं।
  • उत्तर दिशा में लगा दर्पण आर्थिक उन्नति का द्योतक है और पूर्व दिशा में लगा दर्पण उन्नति व समाज में मान – सम्मान, यश दिलाता है।

  ©ज्योतिषाचार्या नमिता   

 

 

 

Back to top button