मध्य प्रदेश

अंबेडकर जयंती पर कमलनाथ बोले- संविधान बचाओ अभियान चलाना पड़ रहा है, यह अच्छे संकेत नहीं हैं

बाबा साहेब ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा की अपने देश और प्रदेश में इस प्रकार से सौदे से सरकारे बना करेंगी

सीहोर। पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा है कि बाबा साहेब ने देश को महान संविधान दिया है। हमारा संविधान हमारी संस्कृति का प्रतीक है। पहले संविधान को मजबूत करने की बातें हुआ करती थी। आज संविधान बचाओ अभियान चलाना पड़ रहा है। यह अच्छे संकेत नहीं है। कमलनाथ शुक्रवार को अंबेडकर जयंती के दिन सीहोर जिले के आष्टा में मीडिया से चर्चा कर रहे थे।

कमलनाथ बाबा साहेब की जन्मभूमि महू में अंबेडकर की 132वीं जयंती पर उन्हें नमन करने के बाद भोपाल लौटते समय कुछ देर के लिए आष्टा रुके थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि अपने देश और प्रदेश में इस प्रकार से सौदे से सरकारें बनाई जाएंगी। शायद इसी वजह से उन्होंने इस प्रकार का कोई प्रावधान संविधान में नहीं रखा था। बाबा साहेब ने सोचा था कि हमारे देश के जो संवैधानिक मूल्य हैं, उनका कभी सौदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा निर्मित महान संविधान अगर गलत हाथों में चला जाए तो क्या होगा? आज से कुछ साल पहले तक क्या हम सोच सकते थे कि हमें संविधान बचाओ अभियान अथवा रैलियां करनी पड़ेंगी। पहले संविधान को मजबूत करने की बातें हुआ करती थीं, पर आज संविधान बचाओ अभियान चलाना पड़ रहा है। यह अच्छे संकेत नहीं हैं। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि आज जनता बहुत समझदार है। जनता भलीभांति समझती है कि क्या भीम आर्मी प्रदेश में सरकार बना सकती है या आम आदमी पार्टी प्रदेश में सरकार बना सकती है? जनता को पता है कि कांग्रेस का साथ देकर ही वह अपना भविष्य सुरक्षित कर सकती है।

कमलनाथ ने कहा- साल कोई न कोई झूठी घोषणाएं करने वाले शिवराज महू में आज फिर बोलेंगे झूठ

कमलनाथ ने कहा कि पांच महीने बाद चुनाव है। शिवराज जी बाबा साहेब की जन्मभूमि महू में जाकर झूठ बोलेंगे। मैं अभी वहीं से आ रहा हूं। हर साल कोई न कोई झूठ, कोई न कोई झूठी घोषणाएं करते हैं। मैं इतनी एकड़ जमीन दे दूंगा। मैं धर्मशाला बना दूंगा, आदि इत्यादि। उन्हें कोई लिहाज नहीं है। कोई परहेज नहीं है कि इतनी पुण्यभूमि पर जाकर भी झूठ बोलते हैं। मुझे मध्यप्रदेश के समझदार मतदाताओं पर पूरा भरोसा है कि वह इन सब झूठे प्रचार का शिकार नहीं होंगे और मध्यप्रदेश का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।

शिवराज जी को सपने में भी कमलनाथ ही दिखाई देता है : पीसीसी चीफ

कमलनाथ ने यह भी कहा कि मैं सिर्फ इतना ही कहना चाहता हूं कि सरकार कांग्रेस की बनेगी। मैं यह नहीं कहूंगा कि इतने पार कर देंगे, उतने पार कर देंगे। यह तो शिवराज जी का स्टाइल है मेरा नहीं। शिवराज जी को सपने में भी कमलनाथ दिखाई देता है। उन्हें लगता है कि कमलनाथ को घेरने से फायदा होगा, लेकिन मुझे जनता ने घेरा हुआ है। मैं जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हूं।

कमलनथ बोले – मैं भाजपा पर टिप्पणी नहीं करना चाहता

कमलनाथ बोले कि मैं भाजपा की राजनीति पर या उनके नेतृत्व पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं। वह सूट सिलवाएं या पैजामा सिलवाएं, यह उनकी इच्छा है। अगर जनता का विश्वास भाजपा के साथ होता तो उन्हें पंचायत और नगरी निकाय चुनावों में पुलिस प्रशासन और पैसा का दुरुपयोग करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव में हमारी स्थिति बहुत अच्छी है, हम कर्नाटक में बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं।

Back to top button