मध्य प्रदेश

कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर बोला हमला : कहा- महिला अत्याचार में प्रदेश को अव्वल रखा, अब चुनाव से पांच महीने पहले आई बहनों की याद

कमलनाथ बोले- लाड़ली बहनों को अब तक 1 रुपया नहीं मिला, पर करोड़ों रुपए खर्च करके शिवराज जी ने नाटक-नौटंकी और इवेंट बहुत कर लिए

भोपाल।  पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज जारी अपने बयान में शिवराज सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 18 सालों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है और महिला अत्याचार एवं बलात्कार के मामले में प्रदेश निरंतर देश में नम्बर एक स्थान पर रहा है। इसका सीधा अर्थ है कि प्रदेश में महिलाओं से सर्वाधिक दुष्कर्म देश में होते हैं, 18 साल में भाजपा सरकार को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की याद नहीं आई, 18 साल तक जब लाड़ली बहनों की लाज छीनी जा रही थी, तब शिवराज जी को माताओं बहनों की याद क्यों नहीं आ रही थी? पर अब चुनाव सामने दिखने लगे हैं तो चुनाव के 4-6 महीने पहले लाड़ली बहनों की याद आ रही है।

कमलनाथ सीहोर जिले के खातेगांव में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आम जनता और बहन बेटियां शिवराज जी की नाटक नौटंकी अच्छे से समझती हैं और गुमराह नहीं होगी। मातायें बहने जानती हैं कि ये शिवराज जी की इवेंटबाजी है जो वे पिछले 15-20 सालों से देखती आ रही हैं। कमलनाथ ने कहा कि योजना की घोषणा होने के बाद से अब तक कई इवेंट हो गये। करोड़ों रूपये इवेंटबाजी में खर्च कर दिये गये पर आज तक 1 रूपया किसी बहन बेटी को नहीं मिला है। भाजपा सरकार अपनी पार्टी के प्रचार के लिए अपने आयोजनों को सरकारी जामा पहनाकर इवेंटबाजी करने का खर्चा करदाताओं की जेब से काट रही है। आज करोड़ों रूपये की राशि जो कर के रूप में आम जनता से वसूली जाती है उसका दुरूपयोग भाजपाई इवेंट करने के रूप में किया जा रहा है। इन आयोजनों में भीड़ जुटाने के लिए शासकीय मशीनरी का भरपूर दुरूपयोग हो रहा है। सरकारी कर्मचारी अपना संवैधानिक कार्य छोड़कर भाजपाई इवंेट कार्यक्रम के लिए भीड़ जुटाने में लगे हुए हैं। क्या इन्हीं संवैधानिक मूल्यों के आधार पर शासकीय कर्मचारियों ने अपनी सेवा ग्रहण की थी? इसी प्रकार योजना के रजिस्ट्रेशन की कार्यवाही में भी शासकीय कर्मचारियों का भरपूर दुरूपयोग किया जा रहा है। योजना के मापदंडों पर आंख मूंदकर कार्यवाही की जा रही है। इसके लिए अनाधिकृत दबाव कर्मचारियों पर डाला जा रहा है और एजेण्ट की तरह काम करने के लिए विवश किया जा रहा है।

सरकारी कर्मचारियों को दी चेतावनी

कमलनाथ ने कहा कि मैं शासकीय कर्मचारियों को संवैधानिक मूल्य याद दिलाना चाहता हॅूं। वे किसी भी रूप में दबाव में न आयें और किसी भी परिस्थिति में एजेण्ट की तरह काम न करें। संवैधानिक मूल्यों का पालन करें। आप सबको पता है कि प्रदेश में 6 महीने बाद कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है, किसी भी अनैतिक कृत्य के लिए उत्तरदायी रहेंगे। कमलनाथ ने कहा कि मैं प्रदेश की बहनों को आश्वस्त करता हॅूं कि चिंता मत करिए हमारी सरकार बहनों को 1500 रूपये प्रतिमाह देगी और उसके लिए आपको कोई परेशानी भी नहीं उठानी पड़ेगी।

मैं शपथ ग्रहण के लिए सूट नहीं सिलवाता

कमलनाथ ने खातेगांव में मीडिया के सवाल पर कहा कि मैं शपथ ग्रहण के लिए सूट नहीं सिलवाता मुख्यमंत्री बनना मेरा लक्ष्य नहीं मेरा लक्ष्य है मध्यप्रदेश की सेवा करना और मध्यप्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि शिवराज जी न केवल घोषणा की मशीन है बल्कि वे झूठ बोलने की भी मशीन है। आज जनता को अपने 18 वर्षों का हिसाब नहीं दे पा रहे। विकास यात्रा निकाली गई। उसका 160 से अधिक जगहों पर विरोध हुआ। पहले कहते थे किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ फिर स्वयं विधानसभा में स्वीकार किया कि 27 लाख किसानों का कर्जा प्रदेश में माफ हुआ है। पहले कहते थे कि हमने संबल बंद की थी। फिर विधानसभा में स्वीकार किया कि कांग्रेस सरकार में संबल योजना बंद नहीं हुई थी।

15 महीनों का हिसाब मांगते हैं, अपना देते नहीं

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज जी 15 महीनों का हिसाब जोर-शोर से मांगते हैं, लेकिन 215 महीनों का हिसाब जनता को नहीं देते। इन 215 महीनों में इन्होंने 215 घोटाले किए हैं। आज मात्र स्कूलों के पेपर ही लीक नहीं हो रहे स्कूलों की छतें भी लीक हो रही हैं।

Back to top button