नई दिल्ली

मारपीट मामले में पत्रकारों और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मुरादाबाद में अपराध दर्ज …

नई दिल्ली (पंकज यादव) । मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की की गई। इस दौरान एक टीवी चैनल का पत्रकार नीचे गिर गया और उसे चोट लग गई। इस मामले में अब अखिलेश सहित सपा के 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुरादाबाद में मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर सपा जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने भी पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

यूपी पुलिस के पास दर्ज कराई गई एफआईआर में पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि 11 मार्च को मुरादाबाद के होलीडे रेजीडेन्सी में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद लॉबी में कुछ पत्रकारों ने उनसे कुछ व्यक्तिगत सवाल पूछ लिए। इससे यादव छटपटा गए और उन्होंने अपने गार्डों और साथियों को पत्रकारों पर हमला करने के लिए उकसा दिया। वहीं उपस्थित सिक्योरिटी गार्डों एवं 20 से अधिक सपा कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों को पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। जिसमें कई पत्रकारों को गंभीर चोटें आई हैं।

सपा जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने भी पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने एबीपी न्यूज के उबैद उर रहमान, न्यूज 18 के पत्रकार फरीद शम्सी के खिलाफ धारा 160 /341/ 332/ 353/ 504/ 499/ 120 B के तहत मामला दर्ज कराया है।

दरअसल, अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के साथ बदसलूकी करने का मामला सामने आया था। आरोप था कि पत्रकारों को अखिलेश यादव के सुरक्षाकर्मियों ने धक्का देकर जमीन पर गिराया। इस मामले में पत्रकारों का कहना था कि उन्हें सवाल पूछे जाने से भी रोका गया। दूसरी ओर, सपा कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया था।

Back to top button