देश

Jharkhand weather: झारखंड में बारिश ने बढ़ा दी ठंड, आसमान में छाए रहेंगे बादल

रांची.

झारखंड में मौसम का मिजाज इस बार हैरान और परेशान एक साथ कर रहा है। चार दिन पहले लोग बसंती हवा का आनंद ले रहे थे लेकिन रविवार को आसमान में बादल और थोड़ी देर की बारिश ने ठंड को वापस लौटा दी। शाम ढलने के बाद चल रही हवाएं सिहरन पैदा करने लगी। रविवार को पूरे दिन भगवान भास्कर और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चला।

सुबह दस बजे थोड़ी सी धूप निकली लेकिन फिर बादल छा गए। दोपहर बाद लगभग आधे घंटे तक शहर के अलग-अलग इलाके में बारिश होती हुई। बारिश की वजह से अचानक ठंड बढ़ गई। बिना स्वेटर-जैकेट के घरों से निकले लोग परेशान हो गए। जैसे-जैसे शाम बढ़ी ठंड भी बढ़ती गई। रात में पारा और नीचे चला गया। धनबाद में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 27 फरवरी तक मौसम का मिजाज कुछ इस तरह ही रहेगा। आसमान में बादल छाएंगे कभी हल्की धूप भी निकलेगी। 27 के बाद धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी। हलांकि लोगों को इस तरह के मौसम से सावधान रहने की जरुरत है। इस तरह के मौसम से लोगों को तबीयत ज्यादा खराब होती है। कुछ दिनों तक और मौसम इसी तरह से रहने का अनुमान है।

आलू और सरसों की फसल खराब होने की आशंका
रविवार को हुई बारिश से आलू और सरसों की फसल खराब होने की आशंका है। हालांकि गेहूं की फसल को इस बारिश लाभदायक है। सरसों की फसल खेतों में कटने के कगार पर है। कुछ खेतों में पकी खड़ी है। आलू की फसल तैयार है और खोदाई की तैयारी है। बारिश के कारण आलू गलने की संभावना है। बेमौसम हो रही बारिश से दलहन की फसलों को भी काफी नुकसान होगा। प्रदेश में किसानों के माथे पर चिंता की लकीर दिखाई दे रही है। दलहन की फसलों पर फल और फूल निकल आया है। बारिश के कारण फूल झड़ जाएगा। इससे फल कम लगने की संभावनाएं है। इससे दलहन की फसलों की पैदावार में कमी आएगी।

Back to top button