मध्य प्रदेश

खजराना गणेश मंदिर की दान पेटियों से निकले लाखों के यूरो-डॉलर-जल्द शादी कराने की अर्जी के साथ गहने

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 40 से 50 कर्मचारी कर रहे दान पेटियों में आए दान की गिनती

इंदौर। इंदौर स्थित विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में इन दिनों दान दक्षिणा गिनी जा रही है। दान पेटी खुलते ही पहले ही दिन उसमें से लाखों के यूरो-डॉलर, रुपए और सोने चांदी के गहनों से लेकर मोदक तक निकले। पांच महिने बाद ये पेटी खुली हैं। 5 दिन तक दान पेटियों को खोलने का सिलसिला चलेगा।

विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियों से विदेशी मुद्रा डॉलर और यूरो निकले। इससे जाहिर कि बप्पा के भक्त दुनिया भर में फैले हैं जो यहां दर्शन करने आते हैं। 5 महिने बाद मंदिर की दानपेटियां खोलीं गईं जिसमें पहले दिन 28 लाख रुपए 100 ग्राम का सोने का बिस्किट, सोने की दो अंगूठी, सोने का मूषक, सोने का स्वास्तिक और सोने के मोदक भी निकले।

भारी सुरक्षा के बीच पहले दिन खुलीं 7 पेटियां

मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि तिल चतुर्थी से पहले दान पेटियों की गिनती का कार्य शुरू किया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कैमरों की निगरानी में दान पेटी से निकली राशि की गिनती की जा रही है। पहले दिन 7 दान पेटियों को खोला गया है। इनमें विदेशी मुद्रा के साथ 28 लाख रुपये की राशि निकली जिसे बैंक में जमा करा दिया गया। भक्तों ने भगवान गणेश को सोने-चांदी के सिक्के और आभूषण भी अर्पित किए। चेक के जरिए भी भक्तों ने अपनी आस्था प्रकट की।

जल्दी शादी की कामना सहित निकल रहीं अलग-अलग तरह की अर्जियां भी

इसके अलावा दान पेटियों में कई अर्जियां भी निकली हैं। जिसमें स्वस्थ होने के साथ नौकरी मिलने और जल्दी भाई की शादी होने की प्रार्थना भी की गई है।दान पेटियों की गिनती अगले चार-पांच दिन तक चलेगी। अभी तक 1,6,14,26, 37, 39 और 40 नंबर की दान पेटी की गिनती की गई है। इसमें 100 ग्राम सोने का बिस्कट, 2 ग्राम सोने का सिक्का भी निकला है। लोगों ने भगवान को चेक से भी राशि प्रदान की है। विदेशी मुद्रा में डॉलर और यूरो हैं।

50 कर्मचारी जुटे दान-दक्षिणा गिनने में

खजराना गणेश मन्दिर के अध्यक्ष और कलेक्टर इलैया राजा टी, मंदिर की प्रशासक और नगर निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल के आदेश से दान पेटियों की गणना का काम शुरू किया गया है। इसमें मंदिर प्रबंधन समिति, जिला कोषालय, नगर निगम के 50 कर्मचारी दान की राशि गिनने में लगे हुए हैं। इस बार रिकॉर्ड दान की राशि आने की उम्मीद है।

Back to top button