मध्य प्रदेश

जयस कार्यकर्ताओं ने सांसद गुमान सिंह का वाहन घेरा, धक्का-मुक्की में गनमैन को आई गंभीर चोटें ….

रतलाम। झाबुआ-रतलाम सांसद गुमान सिंह के वाहन को रतलाम के समीप ग्राम धराड़ में जयस कार्यकर्ताओं ने घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में सांसद के गनमैन को गंभीर चोटें आई है। अचानक हुए घेराव से सांसद के काफिले के साथ चल रहे पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। जैसे-तैसे घेरा तोड़कर वाहन को निकाला गया। बाद में गनमैन की शिकायत पर जयस से जुड़े तीन कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को जनजातीय गौरव दिवस पर सांसद गुमान सिंह डामोर, रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना और अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासकीय अधिकारी ग्राम बड़छापरा में बिरसा मुंडा प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बिरसा मुंडा की जयंती पर रतलाम जिले में जयस द्वारा भी बड़ी रैली आयोजित की गई थी।

रैली समाप्त होने के बाद जयस कार्यकर्ता वापस लौट रहे, तभी ग्राम धराड़ के समीप सांसद के वाहन के आगे जयस कार्यकर्ता आ गए और उनके वाहन को घेरकर जमकर नारेबाजी करने लगे। रास्ता नहीं दिए जाने की बात पर बहस शुरू हुई तो गनमैन ने वाहन निकालने के लिए रास्ते से कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की। इसी बीच झूमा-झटकी में गनमैन को गंभीर चोटें आ गईं।

पुलिस ने गनमैन की शिकायत पर तीन कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि बिरसा मुंडा जयंती पर कई ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को आयोजन हुए। रतलाम में जयस ने एक बड़ा आयोजन रखा था, जिसमें जयस के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

Back to top button