मध्य प्रदेश

उज्जैन में अब मुस्लिम शख्स से जबरन लगवाए ‘जय श्रीराम’ के नारे, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दर्ज किया केस…

उज्जैन। यहां कबाड़ का काम करने वाले एक व्यक्ति से जबर्दस्ती ‘जय श्रीराम’ का नारा लगवाने की घटना सामने आई है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवक एक समुदाय विशेष के व्यक्ति से जबर्दस्ती नारा लगवाते दिख रहे हैं। साथ ही उसे गांव में दोबारा न आने की धमकी देते हुए भी नजर आ रहे हैं। घटना उज्जैन से 60 किलोमीटर दूर महिदपुर तहसील के झारड़ा गांव के नजदीक पिपलिया धुमा फंटे की है। पुलिस ने वीडियो और फरियादी की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एएसपी आकाश भूरिया ने कहा कि जल्द ही और गिरफ्तारी की जाएगी। मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि इस मामले में पुलिस अपना काम कर रही है, लेकिन माहौल बिगाड़ने वाली ऐसी चीजों को कांग्रेस जानबूझकर हवा दे रही है। इधर, अब्दुल ने ग्राम सेकली के दो युवकों ईश्वरसिंह और कमलसिंह के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जिस व्यक्ति के साथ ये घटना हुई, उसका नाम अब्दुल रशीद है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक कबाड़ का काम करने वाले का सामान फेंक रहे हैं। उससे जबरन नारे लगाने के लिए धमका रहे हैं। धमकी और डर से यह व्यक्ति नारा लगाता है। इसके बाद युवकों ने उससे कहा कि तूने हमारे गांव में घुसने की हिम्मत कैसे की? अब कभी दोबारा गांव में घुसना मत। एसपी सतेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसडीओपी आरके राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 505 (2), 506 व 153 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

Back to top button