मध्य प्रदेश

एमपी के दतिया में 4 बदमाशों ने बड़ी बहन से किया गैंगरेप, छोटी से छेड़छाड़, कृत्य में भाजपा नेता का पुत्र भी शामिल

घर पहुंचकर रेप पीड़िता ने की फांसी लगाकर सुसाइड की कोशिश, आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव किया, तब पुलिस ने किया मामला दर्ज, दो आरोपियों को भी पकड़ा

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले के उनाव थाना क्षेत्र  अंतर्गत स्कूल से लौट रही दो बहनों को धमकाकर चार बदमाश रास्ते से जबरिया उठा ले गए। आरोपी दोनों को रामकिशोर यादव  के घर ले गए, जहां बड़ी बहन (19 वर्ष) के साथ गैंगरेप किया और छोटी बहन (17 वर्ष) से छेड़छाड़ की। बाद में दोनों बहनें जैसे-तैसे घर पहुंची। घर जाने के बाद रेप पीड़िता बड़ी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। समय रहते परिजन ने देख लिया और उसे फंदे से उतारकर झांसी ले गए, जहां एक निजी अस्पताल में भर्ती किया।

जानकारी के मुताबिक घर पहुंचने के बाद जब रेप पीड़िता ने सुसाइड का प्रयास किया तो छोटी बहन ने परिवार को पूरी बात बताई। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। परिजन तत्काल थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज करने की बात की। पुलिस की टालामटोली से पीड़ित पक्ष के समाज के लोग आक्रोशित हो गए और शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे थाने का घेराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। साथ ही लोगों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए तत्काल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चार आरोपियों में भाजपा नेता का बेटा भी शामिल

बताया जाता है चारों आरोपियों में भाजपा उनाव मंडल अध्यक्ष भज्जू राय का बेटा धुव्र राय भी शामिल है। इसके अलावा तीन अन्य आरोपी विक्की साहू, अरविंद यादव, रमन यादव भी इसमें शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनमें से 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और 2 लोगों की तलाश जारी है।

पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज

एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना उनाव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 342, 376, 354, 7/8, पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि भांडेर एसडीओपी और महिला इंस्पेक्टर को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। अस्पताल में भर्ती छात्रा की भी निगरानी की जा रही है।

Back to top button