मध्य प्रदेश

टीकमगढ़-जतारा रोड पर भीषण हादसा: पेड़ से टकराई बोलेरो, 5 लोगों की मौत, 6 घायल

टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़-जतारा रोड पर मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बोलेरो सवार 2 महिलाएं सहित 5 लोगों की मौत हो गई है। सभी टीकमगढ़ के ग्राम पंचायत मवई के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जतारा जनपद के राजनगर गांव जा रहे थे।
जतारा पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात जतारा पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। मवई गांव के एक दर्जन लोग बोलेरो वाहन से राजनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे लगे पेड़ से वाहन टकरा गया। हादसे में वाहन में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी लगते ही पुलिस बल को मौके पर रवाना किया गया। घटना के दौरान बोलेरो वाहन में करीब 1 दर्जन लोग सवार थे। सभी घायलों को उपचार के लिए जतारा अस्पताल एडमिट किया गया। उपचार के दौरान 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों में 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। सभी ग्राम पंचायत मवई के रहने वाले हैं। हादसे में मरने वाले मोतीलाल का बड़ा भाई नंदलाल राजनगर में रहता था। नंदलाल के बेटे रामू 28 (वर्ष) ने मंगलवार रात फांसी लगा ली थी। इसी गमी कार्यक्रम में शामिल होने सभी परिवार के लोग राजनगर जा रहे थे।
हादसे में इनकी हुई मौत
पुलिस के अनुसार सड़क हादसे में बोलेरो वाहन में सवार विनोद पिता लक्ष्मी लोधी, मोतीलाल, राजेश पिता बाबूलाल लोधी, प्रेम बाई पत्नी बाबूलाल लोधी और गुड्डी बाई की मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार 6 लोग घायल हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

Back to top button