मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में सरकार ने किया 1 लाख सरकारी नौकरियां देने का ऐलान, पीईबी जल्द करेगी भर्ती …

भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकार ने 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। जिसके लिये युवाओं को साधने की भी शुरूआत कर दी गई है। इसके चलते मध्य प्रदेश में सरकार ने आने वाले एक साल में रिक्त पदों पर एक लाख सरकारी भर्तियां को करने का ऐलान किया है। साथ ही प्रदेश में संभाग और जिलास्तरीय खाली पदों की जानकारी 23 सितंबर तक तलब की गई है। इसके लिए एक अलग से प्रोफार्म भी विभागों को भेजा गया है। खाली पदों की जानकारी आने के बाद एमपी प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड को भर्ती के लिए पत्र लिखा जाएगा।

मध्य प्रदेश सरकार ने मंत्रालय में हुई बैठक में रिक्त पदों को भरने के लिए तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि रिक्त पदों पर भर्ती कार्रवाई को मिशन मोड में करते हुए तय भर्ती एजेंसी से संपर्क करके आवश्यक कार्यवाही शुरू की जाए। मध्य प्रदेश में सरकार के ऐलान के बाद सरकारी विभागों में इस पर मशक्कत शुरू हो गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को पत्र लिखकर खाली पदों की गणना करके पोर्टल पर फीड करने को कहा है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि जिन विभागों में 5 फीसदी से कम खाली पदों पर भर्ती की जानी है, उनकी जानकारी 23 सितंबर तक भेज दी जाए, ताकि पीईबी को भर्ती के लिए लिखा जा सके। 5 प्रतिशत से ज्यादा खाली पदों पर भर्ती के लिए वित्त विभाग की मंजूरी अनिवार्य है। इसके लिए एक अलग से प्रोफार्म भी विभागों को भेजा गया है। सीएम शिवराज सिंह ने एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती का ऐलान किया है।

21 बड़े विभागों में 93 हजार 681 पद रिक्त

मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन ने बताया कि 21 बड़े विभागों में 93 हजार 681 पद रिक्त हैं। इन्हें भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग में विभिन्न श्रेणी के लगभग 30 हजार पद खाली हैं। इसके अलावा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और स्वास्थ्य विभाग में भी काफी पद रिक्त हैं।

Back to top button