
15 मई से महीने भर जनता के बीच ‘मोदी मंत्र जाप’ करेंगे भाजपा के सांसद
शहर-गांव की नापेंगे गली-पगडंडी, मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा चलाएगी महासंपर्क अभियान
भोपाल। भाजपा के सभी सांसद शहर की गली और गांव की पगडड़ी नापेंगे। साथ ही जनता के बीच जाकर महीने भर तक ‘मोदी मंत्र जाप’ के रूप में केंद्र सरकार के अच्छे कामों, विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। दरअसल, अगले महीने देश की मोदी सरकार के कार्यकाल के 9 साल पूरे होने जा रहे हैं। जबकि अगले साल के अप्रैल -मई महीने में लोकसभा के आमचुनाव हैं, इसको ध्यान में रखते हुए भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने चुनावी मोड में तैयारी शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत महासंपर्क अभियान से की जा रही है। यह अभियान 15 मई से 15 जून तक चलेगा।
भारतीय जनता पार्टी, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशव्यापी अभियान चलाने जा रही है। पार्टी की तरफ से ये अभियान 15 मई से 15 जून तक चलाया जाएगा। दरअसल, पूरे देश में व्यापक जनसंपर्क, लाभार्थी संपर्क, विभिन्न वर्गों से संपर्क और वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क के लिए अभियान चलाए जाएंगे। इस बारे में भारतीय जनता पार्टी के सभी सांसदों को निर्देश जारी किया गया है। मोदी सरकार के कार्यों को जनता तक ले जाने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए भाजपा ने पार्टी के सभी सांसदों को स्थानीय नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर अपने संसदीय क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि संपर्क अभियान के तहत शिक्षक, वकील, चिकित्सक, खिलाड़ी, कलाकार, व्यवसायी, व्यापारी जैसे प्रोफेशनल्स से भी संपर्क किया जाए। इसके साथ ही कहा है कि अभियान के तहत केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क स्थापित करने पर खासा जोर दिया जाए। इसके अलावा केंद्र सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को दर्शाने वाले कार्यक्रमों की रचना करने का भी निर्देश सांसदों को दिया गया है। इसके साथ ही प्रदेश संगठन को भी संपर्क अभियान की योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने को कहा है, जिसके बाद प्रदेश संगठन ने हर जिले के लिए संपर्क अभियान संयोजक भी नियुक्त कर दिए हैं।
नव मतदाता और विशिष्टजनों से संपर्क
अभियान के तहत नए मतदाताओं से संपर्क साधने को कहा गया है। धार्मिक नेता, पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार आदि से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से किसान, मज़दूर, गरीब, अनुसूचित जाति, जन जाति, पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण विकास के लिए किए गए कार्यों का प्रचार -प्रसार करने को कहा गया है। इसके अलावा सांसदों को भाजपा केंद्रीय नेतृत्व को इस अभियान के तहत किए गए कार्यक्रमों की जानकारी देने का भी निर्देश दिया गया है।
















