मध्य प्रदेश

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रही भाजपा : दिग्विजय सिंह

मप्र कांग्रेस प्रशासनिक अत्याचार निवारण समिति की बैठक आयोजित

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को मप्र कांग्रेस प्रशासनिक अत्याचार निवारण समिति की बैठक राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जेपी धनोपिया, शशांक शेखर, केके मिश्रा, प्रभु सिंह ठाकुर व अन्य नेता मौजूद रहे। सिंह ने इस दौरान कमेटी के सदस्यों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे उत्पीडऩ की संभागवार रिपोर्ट ली।
सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि कांग्रेस आरटीआई एक्टीवेस्ट को भी तैयार कर रहे हैं। सेल प्रकोष्ठ काफी अच्छा काम कर रहा है। चाहे जमीन पर खदान पर कब्जा कर लिया है उन पर नजर रखी जायेगी। परिवर्तन संकल्प पदयात्रा प्रारंभ हो रही है, तीन सभाएं दतिया, सुरखी और खुरई के बीच में एक बदनावर में जहां बहुत शिकायतें हमारे पास आई हैं। इस पर भी हमारी नजर है जहां सरकारी जमीनों पर लोगों ने अपने नाम करा लिये है, ऐसे प्रकरणों की भी खोजबीन की जायेगी। सिंह ने कहा कि कमलनाथ ने पूरे संगठन को निचले स्तर तक उतारने के लिए पोलिंग बूथ सेक्टर मंडलम बनाये हैं, उन पर हमारी समितियां रहेगी, इसी के साथ मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों को भी निचले स्तर तक ले जाया जायेगा। बीएलए अधिकांश जगह बन गये हैं। अभी सागर गया था एक पोलिंग बूथ पर ही उप्र के लगभग 150 फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़े हुये है। इस तरह का फर्जीवाड़ा भाजपा कर रही है।

सिंह ने कहा कि समिति के सामने सैंकड़ों ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर उनका उत्पीडऩ किया जा रहा है। 50 से अधिक मामले अकेले गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के क्षेत्र दतिया जिले के आए हैं, जिनमें कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गये हैं। कांग्रेस प्रशासनिक अत्याचार प्रतिरोध समिति उत्पीडऩ झेल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को लीगल सहायता उपलब्ध करा रही है। छोटे-छोटे प्रकरणों में कार्यकर्ताओं को फंसाया जा रहा है, कांग्रेसजनों को प्रताडि़त करने के झूठे प्रकरण बनाये गये, 151 की धारा लगाकर उन्हें सताया जा रहा है, जिला बदर की कार्यवाही की जा रही हैं, उनकी लड़ाई कांग्रेस पार्टी लड़ेगी। शशांक शेखर को प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग का अध्यक्ष बनाया है। ऐसे अधिकारी कर्मचारी जो उपर का दबाव बताकर गैर कानूनी तरीके से हमारे कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त करने का काम कर रहे हैं, शेखर की मदद से उनको भी अदालत में खड़ा करने की हमारी तैयारी है।

Back to top button