मध्य प्रदेश

पूर्व मंत्री दीपक जोशी बोले : मैं जिस संगठन में रहा, उसका सहयोग नहीं मिला, मैंने बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के आग्रह को नहीं किया स्वीकार

देवास। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी ने शुक्रवार को भाजपा छोडऩे का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं राजनीतिक विरासत संभाल पा रहा था, लेकिन जिस संगठन में मैं रहा उसका सहयोग नहीं मिल पाया। मैंने बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के आग्रह को स्वीकार नहीं किया है। अब मैं भोपाल जाकर कांग्रेस में शामिल हो जाऊंगा। देवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपक जोशी ने यह बयान दिया।
संगठन के सभी नेताओं ने मेरी बातों को अनसुना किया : जोशी
दीपक जोशी ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन के सभी नेताओं से मैं इस व्यवहार को लगातार अवगत कराता रहा, लेकिन सभी ने मेरी बात को अनसुना कर दिया। लेकिन, जिस समय कमलनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उन्होंने मेरे पिता की अंत्येष्टि के बाद उनकी समाधि बनाने के लिए मात्र 3 मिनट में वह जमीन आवंटित कर दी थी। प्रदेश के मंत्री सज्जन सिंह वर्मा द्वारा पिता की समाधि बनाने के लिए उन्होंने कमलनाथ जी से चर्चा की थी। कमलनाथ जी ने मेरे परिवार को जो सम्मान दिया, इससे प्रभावित होकर इसलिए मैं उनके साथ जाना चाहूंगा।
अपमानजनक व्यवहार किया
देवास पहुंचे दीपक जोशी ने मीडिया के सामने खुलकर कहा कि मुझे ना पद चाहिए ना प्रतिष्ठा चाहिए, लेकिन जो अपमानजनक व्यवहार भाजपा संगठन द्वारा मेरे पिता के साथ किया गया, उसे मैं भूल नहीं पाऊंगा।
कई मौकों पर दीपक जोशी ने भाजपा को लेकर नाराजगी भी व्यक्त की थी। इसके बाद से ही उनके कांग्रेस में शामिल होने की बात कही जा रही थी। वहीं इससे भाजपा में खलबली मच गई थी। जोशी ने बीजेपी पर उपेक्षा करने का आरोप लगाया था और उन्होंने बीजेपी छोड़ 6 मई को कांग्रेस में शामिल होने की बात कही थी। वहीं 4 मई की देर रात दीपक जोशी को इंदौर भाजपा कार्यालय पर संगठन कार्यकर्ता और नगर अध्यक्ष ने चर्चा के लिए बुलाया था। जहां पर कई घंटों की चर्चा के बाद दीपक जोशी कैमरे के सामने शांत नजर आए। वह कुछ न कहते हुए मुस्कुराते हुए भाजपा कार्यालय से निकल गए।
कमलनाथ जी से प्रभावित हूं : जोशी
दीपक जोशी ने यह भी कहा था कि विचारधारा की बात नहीं है। जो पालिका पहुंचेगा मैं उनके साथ ही रहूंगा, मैं कमलनाथ जी से प्रभावित हूं। उन्होंने सिर्फ 3 मिनट में पिता जी के स्मारक लिए जमीन दे दी थी। बीजेपी ने 30 महीने में स्मारक को खंडहर बनाकर रख दिया है।
पिता कैलाश जोशी की तस्वीर लेकर पहुंचेंगे कांग्रेस के दफ्तर
दीपक जोशी शनिवार सुबह 8.30 बजे देवास से रवाना होंगे। 10 बजे तक भोपाल पहुंचेंगे। जहां वो सबसे पहले 74 बंगले जाएंगे। वहां से अपने पिता व पूर्व सीएम कैलाश जोशी की तस्वीर लेकर 11 बजे पीसीसी चीफ कमलनाथ के बंगला पहुंचेंगे और कांग्रेस का हाथ थामेंगे। पार्टी ज्वाइन करने के बाद कांग्रेस दफ्तर के लिए रवाना होंगे। जहां पूर्व सीएम कैलाश जोशी की तस्वीर लगाएंगे।
बीजेपी डूबती नाव है : नेता प्रतिपक्ष
वहीं दीपक जोशी के कांग्रेस में जाने के ऐलान पर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि बीजेपी डूबती नाव है। उसमें अब कोई सवार नहीं होना चाहता। दीपक जोशी को कांग्रेस में पूरा सम्मान मिलेगा। जब दीपक जोशी कांग्रेस ज्वाइन करेंगे तब मैं खुद उनका स्वागत करूंगा। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी में अब कोई कांग्रेस नेता नहीं जाएगा, बल्कि दीपक जोशी के बाद कई और नेता कांग्रेस में आएंगे।

Back to top button