मध्य प्रदेश

हनुमानताल के मक्का नगर में कारखाना में भीषण आग, मां-बेटी जिंदा जले

दो घंटे की मशक्कत के बाद 5 दमकलों ने बमुश्किल पाया आग पर काबू

जबलपुर। शहर के हनुमानताला थानांतर्गत मुस्लिम बहुल क्षेत्र रद्दी चौकी के अंतर्गत आने वाले मक्का नगर में एक मकाननुमा कारखाने में मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे आग लग गई। इस हादसे में मां-बेटी जिंदा जल गई। आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। 2 घंटे तक काफी मशक्कत के बाद 5 दमकलों ने आग पर काबू पाया। वरना आग आग फैल सकती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। क्षेत्रीय नागरिक अपने स्तर पर आग बुझाने की मशक्कत करते रहे। आनन-फानन में नगर निगम के दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर निगम के 5 दमकल वाहन रवाना किए गए। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। तब तक पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। वहीं मां-बेटी की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है आग मक्का नगर हनुमानताल गली नंबर सात में पक्के मकान में लगी थी। हादसे के वक्त मकान में 25 वर्षीय नगीना और उसकी 6 वर्षीय बेटी हिना थी। वे आग की लपटों में घिर गई और बुरी तरह से झुलस गई। देखते ही देखते आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे जिंदा जल गई।

गद्दा-रजाई बनाने का काम करता है पति

बताया जाता है कि मृतका का पति रजाई गद्दे का काम करता था और उसने घर की पहली मंजिल पर कारखाना खोल रखा था। गद्दे-रजाई और रुई के कारण आग तेजी से फैली और आपकी लपटों में पूरा घर गिर गया। रास्ता संकरा होने से आग पर काबू करने में परेशानी हुई। वहीं लोगों की भीड़ भी लगी रही। नगर निगम दमकल विभाग के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button