मध्य प्रदेश

शिवराज का कांग्रेस पर तीखा हमला: कहा- कांग्रेस के डीएनए में ही समाई हुई है पाकिस्तान परस्ती

दिग्विजय के सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर CM बोले:कांग्रेस के DNA में पाकिस्तान परस्ती, सिंधिया ने कहा- राष्ट्रविरोधी एक्टिविटी

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही पाकिस्तान परस्ती समाई हुई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर वे अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। सीएम चौहान ने राहुल गांधी से जवाब मांगते हुए कहा कि मैं राहुल गांधी से जवाब मांगता हूं कि ये कैसी यात्रा है? टुकड़े-टुकड़े गैंग आपके साथ चल रही है। सेना का मनोबल गिराया जा रहा है और राहुल गांधी भी सवाल उठा रहे हैं कि सेना कमजोर होगी। ये देशभक्ति नहीं है। राहुल गांधी के साथ दिग्विजय सिंह भारत जोड़ो यात्रा में साथ चल रहे हैं। दिग्विजय जी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग रहे हैं। इससे वे दिखा रहे हैं कि वे पाकिस्तान के साथ खड़े हैं।

दिग्विजय सिंह को सिंधिया ने भी घेरा

इधर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी दिग्विजय को उनके बयान पर घेरा है। उन्होंने कहा कि इन्होंने राष्ट्रविरोधी क्रियाओं की सूची में आज एक और को जोड़ा।  सिंधिया ने ट्वीट कर कहा- ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट में कहा, आतंकी ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी, जाकिर नायक के साथ मंच साझा करना, अपने भाषणों से लगातार मातृशक्ति के प्रति असम्मान, दिग्विजय जी ने अपनी राष्ट्रविरोधी क्रियाओं की सूची में आज एक और को जोड़ा है। वहीं, दूसरी ओर दिग्विजय के भाई और कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने भी ट्वीट के जरिए अपनी बात रखी। लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट में लिखा- हमारी सेना पर हमें गर्व है, जो बफीर्ले तूफानों का सामना करके हमारे देशवासियों की रक्षा करती है। जय हिंद।

भाजपा विधायक बोले- अगली बार इन्हें प्लेन के नीचे बांधकर ले जाए सेना

अपने तीखे बयानों के रूप में पहचाने जाने वाले भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सेना से मांग है कि अब जब भी सर्जिकल स्ट्राइक हो, इन्हें विमानों के नीचे बांधकर ले जाएं, जिससे ये पाकिस्तान की तबाही अपनी आंखों से देख सकें। इनको भी बमों के साथ वहां पटक दिया जाए। ये नेता खाते हिंदुस्तान की हैं, गाते पाकिस्तान की हैं।

दिग्विजय सिंह ने दी सफाई

आज मंगलवार को जम्मू में जब सर्जिकल स्ट्राइक और पुलवामा पर सोमवार को दिए गए बयान पर दिग्विजय सिंह से मीडिया ने सवाल किया, तो कांग्रेस के सीनियर लीडर जयराम रमेश बीच में बोल पड़े और कहा कि ये पीएम से जाकर पूछिए। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि हम सुरक्षा बलों का काफी सम्मान करते हैं और उनको सर्वोच्च स्थान देते हैं। ज्ञात हो कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की आज की शुरुआत जम्मू के नगरोटा से हुई। बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने उन्हें जॉइन किया।

दिग्गी के बयान से कांग्रेस पार्टी ने किया किनारा

दूसरी ओर, पूर्व सीएम दिग्विजय के इस बयान से कांग्रेस पार्टी ने किनारा कर लिया है। जयराम रमेश ने कहा- इसके बारे में मैंने कल ट्वीट कर बिल्कुल साफ बताया था कि इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी का क्या रवैया है और इस पर मैं कुछ नहीं बोलूंगा। ट्वीट में जयराम रमेश ने लिखा कि वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार कांग्रेस के नहीं हैं। उनके व्यक्तिगत विचार हैं। 2014 से पहले यूपीए सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। राष्ट्रहित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का कांग्रेस ने समर्थन किया है। आगे भी समर्थन करेगी।

सीएम शिवराज बोले- दिग्विजय के राज में एमपी सिमी का गढ़ था

भोपाल में मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा- ये कभी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगते हैं, कभी राम के अस्तित्व का सबूत मांगते हैं, कभी राम सेतु का सबूत मांगते हैं। दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा में चलते-चलते यह बोला है। राहुल गांधी साथ चल रहे हैं। दिग्विजय सिंह सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं। यह सेना का मनोबल गिराने का पाप कर रहे हैं। पाकिस्तान के साथ खड़े हैं, ये दिख रहा है। मैं तो राहुल गांधी से जवाब मांगना चाहता हूं कि यह कैसी भारत जोड़ो यात्रा है? टुकड़े टुकड़े गैंग आपके साथ चल रही है। सेना का मनोबल गिराया जा रहा है। राहुल गांधी भी सवाल उठा रहे हैं कि सेना कमजोर हो गई है, यह कैसी देश भक्ति है। दिग्विजय सिंह के राज में मध्यप्रदेश सिमी का गढ़ था। सेना का मनोबल गिराने के पाप कम से कम कांग्रेस न करे। राहुल गांधी से जवाब मांग रहा हूं कि कैसी भारत जोड़ो यात्रा है।

कमलनाथ पर शिवराज ने कहा- अनुसूचित जनजाति की बैठक करने का अधिकार नहीं

सीएम शिवराज सिंह ने कमलनाथ को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि कमलनाथ ने अनुसूचित जनजाति की बैठक बुलाई है। कांग्रेस को बैठक करने का अधिकार नहीं। पेसा एक्ट लागू नहीं किया। आदिवासी महापुरुषों के नाम पर स्मारकों के नाम नहीं रखे। एक बात का कमलनाथ जवाब दे दें कि विशेष पिछड़ी जाति बैगा, भारिया, सहरिया जनजाति की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए भाजपा सरकार देती थी, कमलनाथ की 15 महीने सरकार रही, तब आपने पैसा बंद क्यों किया?

सोमवार को दिग्विजय सिंह ने दिया था यह बयान…

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जम्मू में एक सभा में कहा कि सरकार ने अब तक सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत नहीं दिया है। केंद्र सरकार सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में बात करती है कि हमने इतने लोग मार गिराए हैं, लेकिन सबूत कुछ नहीं है। दिग्विजय ने सर्जिकल स्ट्राइक के अलावा 2019 में पुलवामा में हुए आतंकी हमले को लेकर भी प्रधानमंत्री को घेरा। दिग्विजय ने दावा किया कि पुलवामा हमले के वक्त सीआरपीएफ अफसरों ने प्रधानमंत्री से कहा था कि जवानों को एयरक्राफ्ट से मूवमेंट कराया जाए, जवानों को एयरक्राफ्ट से भेजिए, पर प्रधानमंत्री नहीं माने। ज्ञात हो कि 2019 में पुलवामा में हुए आतंकी हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। उस वक्त भी विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए थे और तीखी आलोचना की थी।

Back to top button