देश

गत्ता फैक्ट्री में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों ने पाया काबू, लाखों का माल और मशीनें जलकर स्वाहा …

चंडीगढ़ । हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक गत्ता फैक्ट्री में शुक्रवार को आग लग गई। आग से कंपनी में रखा लाखों रुपए का माल जलकर स्वाहा हो गया। आगजनी में कई मशीनें भी स्वाहा हुई हैं। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सचिन की बहादुरगढ़ स्थित एमआईई के प्लाट नंबर-1534 में बीएस क्राफ्ट नाम से कंपनी है। इस कंपनी में गत्ता रोल तैयार किया जाता है। शुक्रवार की सुबह अचानक फैक्ट्री परिसर में आग लग गई। ज्वलनशील पदार्थ होने के चलते आग तेजी से फैलती चली गई।

गार्ड ने आग लगी देखी तो दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। बहादुरगढ़ की 5 गाड़ियों के सहारे दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। एक गाड़ी रोहतक से भी बुलाई गई। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने से काफी माल जलकर स्वाहा हो गया।

जो बचा वो पानी के कारण खराब हो गया। मशीनें भी नष्ट हुई हैं। बताते हैं कि रात को फैक्ट्री में काम नहीं चल रहा था। गार्ड ने शुक्रवार की सुबह पानी के लिए मोटर खोली थी। संभवत: मोटर से स्पार्किंग के चलते आग लगी। बाकी असल पुष्टि जांच के बाद हो सकेगी। इस घटना से फैक्ट्री मालिक को काफी नुकसान हुआ है। दमकल अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि करीब सात बजे उन्हें सूचना मिली थी। 3 गाड़ियां एक साथ मौके पर भेजी। उसके बाद दो गाड़ियां और भेजी कई। कुछ घंटे में आग पर काबू पा लिया था। कारणों की जांच की जा रही है।

Back to top button