छत्तीसगढ़रायपुर

दोस्त की पत्नी से हुआ प्यार, शराब में कीटनाशक पिलाकर कर दी जिगरी दोस्त की हत्या, गिरफ्तार …

रायपुर । घटना मंदिर हसौद इलाके की है। बुधवार की रात मंदिर हसौद थाने की पुलिस को चंदखुरी के कोल्हान नाला के पास एक लाश पड़ी होने की खबर मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि जिस व्यक्ति की लाश मिली है उसका नाम द्रोण सेन है। नाले के पास से गुजर रहे कुछ राहगीरों का ध्यान सड़क किनारे पड़े शव पर गया और बात पुलिस तक पहुंची। 32 साल का द्रोण चंदखुरी बस्ती का रहने वाला था यहीं एक सेलून चलाया करता था।

दोस्त की पत्नी से इस कदर प्यार हो गया कि प्रेमी ने दोस्त को शराब में कीटनाशक मिलाकर पिला दी। जहरीला शराब पीकर युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी ने बुधवार देर रात को इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि इस घटना के चंद घंटों में ही पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में ले लिया। फिलहाल मंदिर हसौद इलाके की पुलिस घटना के संबंध में उससे पूछताछ कर रही है।

रात में ही पुलिस की टीम एक्टिव होकर आसपास के इलाकों में तलाशी लेती रही। ग्रामीणों से पूछताछ में ये बात सामने आई कि जहां लाश मिली उस इलाके में द्रोण को गांव के ही रहने वाले पुनित धीवर के साथ देखा गया था। दोनों एक साथ शराब पीने गए थे। चंदखुरी बस्ती में ही एक घर में छुपा पुनित पुलिस को मिल गया। पहले तो वह इधर-उधर की बातें करता रहा, फिर उसने अपने ही दोस्त के कत्ल करने की बात बताई और वजह जानकर ग्रामीणों के भी होश उड़ गए।

पुलिस को अब तक की छानबीन में पता चला कि पिछले 8 महीने से द्रोण सेन की पत्नी और पुनित ध्रुव के बीच इश्क शुरु हुआ था। जब द्रोण अपने सेलून में जाता तो पीछे से पुनित उसकी पत्नी से मिला करता था। शादीशुदा होने के बावजूद द्रोण सेन की पत्नी भी पुनित के लिए कभी पकवान बनाती तो कभी उसे तोहफे देती थी।

दोनों ने एक साथ रहने की कसम खा ली। हाल ही में यह बात गांव वालों को भी पता चल गई। बात द्रोण तक पहुंची तो उसका पुनित के साथ झगड़ा भी किया साथ ही उसे घर न आने की चेतावनी भी दिया। इस बात से बौखलाया पुनित ने द्रोण को रास्ते से हटाकर उसकी पत्नी के साथ भागने का प्लान बनाया था।

30 साल का पुनित गांव में ही दूसरों के खेतों में मजदूरी का काम करता था। उसने पुलिस को बताया कि वो प्रेमिका को पाने के लिए द्रोण को मारना चाहता था। इसी वजह से अपनी बातों में उलझाकर बीती रात शराब पीने के लिए उसने द्रोण को राजी कर लिया। द्रोण को शराब की लत थी वो भी पुनित को इंकार नहीं कर सका और उसके साथ कोल्हान नाला के पास चला गया।

वहां दोनों ने सड़क के किनारे बैठकर शराब पी। इस दौरान चुपके से पुनित ने अपने ही घर में पड़े ढाई साल पुराने एक कीटनाशक को द्रोण की शराब में मिला दिया। बातों-बातों में इसी शराब को द्रोण को पिला भी दिया। शराब पीते ही कुछ ही देर में द्रोण की मौत हो गई और मौके से पुनित फरार हो गया था। अब पुलिस इस मामले में आरोपी पुनित की बयान लेने के बाद उसे कोर्ट में पेश करेगी, जहां से आरोपी को जेल भेजा जा सकता है।

Back to top button