मध्य प्रदेश

होटल रेशुमराव में 6वीं मंजिल पर सेंटरिंग लगा रहे पिता-पुत्र गिरे, 15 मिनट तक तड़पते रहे, अस्पताल में मौत …

भोपाल। राजधानी के रायसेन रोड स्थित होटल रेशुमराव में 6वीं मंजिल पर सेंटरिंग का कार्य कर रहे ठेकेदार पिता-पुत्र और एक मजूदर गिर गए। कार्य के दौरान धक्का लगने से लकड़ी का एक पिलर खिसक गया। इससे तीनों 70 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। पहले पिता, फिर बेटा और फिर बेटे के ऊपर एक और मजदूर युवक गिरा। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां 15 मिनट से तड़प रहे पिता-पुत्र ने दम तोड़ दिया, वहीं मजदूर युवक गंभीर हालत में भर्ती है।

पुलिस के अनुसार कबीटपुरा निवासी मोहम्मद हनीफ (50 वर्ष) सेंटरिंग ठेकेदार था। उसने रेशुमराव होटल के रेनोवेशन का ठेका लिया था। चार महीने से होटल में काम चल रहा था। रविवार की रात 10 बजे वे होटल के पीछे की तरफ 6वीं मंजिल पर अपने बेटे फरदीन (21 वर्ष) और एक मजदूर बद्री के साथ सेंटरिंग सेट कर रहे थे। सेंटरिंग सेट करने के दौरान तीनों दो-दो फीट की दूरी पर थे। अचानक नीचे से सेंटरिंग का एक पिलर खिसक गया और सेंटरिंग भरभराकर नीचे गिर गई। उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला। सबसे पहले हनीफ जमीन पर गिरा, इसके बाद उसका बेटा फरदीन, फिर उसके ऊपर बद्री गिरा। 15 मिनट तक तीनों मौके पर ही तड़पते हुए पड़े रहे। होटल स्टाफ ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

होटल स्टाफ ने गंभीर हालत में तीनों को शहर के ही नागपुर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पिता-पुत्र की मौत हो गई। डॉ. हरिओम वर्मा ने बताया कि मजदूर बद्री की पसलियां टूट गई हैं। सिर और ब्रेन में चोट है। पूरे घटनाक्रम में होटल मालिक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। काम करने वाले लोगों के लिए सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। रात में काम कराया जा रहा था। बिलखिरिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ठेकेदार हनीफ के परिजन ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी हादसे के 1 घंटे के बाद हुई। जब हम पहुंचे, तब तक फरदीन ने दम तोड़ दिया था और हनीफ वेंटिलेटर पर थे। घर में हनीफ अकेले कमाने वाले थे। हनीफ के चार बच्चे हैं। सबसे छोटा 6 साल का बेटा है। होटल मैनेजमेंट द्वारा दीपावली तक रेनोवेशन का काम पूरा करने का दबाव था। इस कारण वे देर तक काम कर रहे थे।

Back to top button