मध्य प्रदेश

किसान खाद, बीज, बिजली, पानी के लिए भटक रहा, शिवराज घोषणाओं के नारियल फोड़ते जा रहे : कमलनाथ

कमलनाथ बोले: कांग्रेस सरकार आने पर महिलाओं को 1500 रू. महीना, 500 रू. में देंगे सिलेण्डर

भोपाल। प्रदेश में 18-19 वर्षों से भाजपा की सरकार है, प्रदेश की तस्वीर आप सबके सामने हैं। किसान खाद, बीज, बिजली, पानी, उचित मूल्य के लिए दर-दर भटक रहा है। शिवराज का घोषणाओं से पेट नहीं भरता, 20 हजार से अधिक की घोषणाएं उन्होंने की, जो वे भूल गये और विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अब वे नयी घोषणाएं करते जा रहे हैं। घोषणाओं के नारियल जेब में रखे रहते हैं, जब मन हुआ, नारियल फोड़ देते हैं, वे प्रदेश की भोली भाली जनता को भ्रमित करने का कम कर रहे हैं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री व मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने बुधवार को नरसिंहपुर जिले के पिपरिया में आयोजित सभा में कही।

कमलनाथ ने कहा कि मैं जब केंद्रीय मंत्री था तो कभी पिपरिया को नहीं भूला, मैंने यहां पर ओवरब्रिज सैंक्शन किया था, वाटर सप्लाई योजना के तहत 29 करोड़ रुपए की स्कीम सैंक्शन की थी। पिपरिया आज भी पिछड़ा हुआ है। हमारा पिपरिया का और प्रदेश का अन्नदाता किसान तभी मजबूत होगा, जब वहां की स्थानीय छोटी दुकान चलती हैं। कांग्रेस की सरकार आने पर पिपरिया का विकास भी छिंदवाड़ा की तरह ही होगा। कमलनाथ ने शिवराजसिंह से सवाल किया कि वे उद्योगपतियों को प्रदेश में बुलाते हैं, किंतु प्रदेश में उद्योग क्यों नहीं लगते। उद्योग इसलिए नहीं लगते क्योंकि निवेश टेलीविजन से नहीं विजन से और विश्वास से आता है, उद्योगपतियों को मप्र पर विश्वास ही नहीं है।

किसानों को समय पर खाद, बीज, उपज का उचित मूल्य नहीं दे पा रही है सरकार, बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं, कर्ज लेकर अपने लोगों को उपकृत किया जा रहा है, जबकि इसी पैसे से अतिथि शिक्षकों, संविदा कर्मियों, आउटसोर्स कर्मियों को बहुत कुछ दे सकते हैं। नाथ ने कहा कि 15 महीने की कांग्रेस की सरकार में मैंने 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, 27 लाख किसानों की कर्जमाफी की, सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 600 रू. किया, हर जिले में गौशालाओं का निर्माण कराया, विभिन्न तरह के माफियाओं का समाप्त करने और शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया, लेकिन भाजपा ने जनमत से चुनी हुई सरकार को संविधान की धज्जियां उड़ाकर लोकतंत्र की हत्या कर पीछे के दरवाजे से गिरा दिया।

नाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर प्रदेश का विकास कांग्रेस की पहली प्राथमिकता होगी। महिलाओं को 1500 रू. महीना और घरेलू गैस सिलेण्डर 500 रू. में दिया जायेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामेश्वर नीखरा, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया विधायक सुनीता पटेल, विधायक संजय शर्मा, देवेंद्र पटेल, विभा पटेल, पूर्व विधायक सुरेश राय, सविता दीवान, सतपाल पलिया सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button