देश

ट्रैक्टर से टकराई बारातियों की कार, दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत

खगड़िया
बिहार से बड़ी खबर सामने आ रही है। खगड़िया जिले में हुए दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बारातियों से भरी कार और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर हो गई। जिसमें सात लोगों की मौके पर ही जान चली गई। हादसा NH-31 पर हुआ है।

इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। और राहत-बचाव कार्य जारी है। चौथम प्रखंड से बारात लौट रही थी। पूरा मामला पसराहा थाना क्षेत्र के विद्यारत्न पेट्रोल पंप के नजदीक का बताया जा रहा है।

मृतकों में बिठला गांव के रहने वाले विनोद ठाकुर के 32 वर्षीय पुत्र गौतम ठाकुर, उमेश ठाकुर के 7 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार, प्रमोद कुमार के 25 वर्षीय पुत्र अमन कुमार, अर्जुन ठाकुर के 22 वर्षीय पुत्र बंटी कुमार, विकास ठाकुर के 23 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार, राम ठाकुर के 50 वर्षीय पुत्र पलटू ठाकुर, विकास ठाकुर के 10 वर्षीय पुत्र दिलो कुमार, रोहिन सिंह के 50 वर्षीय पुत्र प्रकाश सिंह की मौत हो गई है।

वहीं घायलों में भागलपुर जिले के नरेश ठाकुर के 26 वर्षीय पुत्र सच्ची ठाकुर, कारे शर्मा के 27 वर्षीय पुत्र धर्मेन्द्र कुमार,  पप्पू ठाकुर के 23 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार और पुनौर गांव के रहने वाले कुंदन कुमार शामिल हैं। सभी खगड़िया के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत ठुठ्ठी मोहनपुर गांव स्थित एक शादी समारोह से परबत्ता प्रखंड के बिठला गांव बारात से लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि एक्सयूवी के चालक को झपकी आ जाने के कारण गाड़ी सीधे सीमेंट लदे ट्रैक्टर से भिड़ गई। घटना के बाद तुरंत चार लोगों के शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से निकाला गया। इसके बाद उसमें फंसे तीन मासूम बच्चे के शव को जेसीबी से निकाला गया। जबकि पांच लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

इन घायलों में से सदर अस्पताल में परबत्ता थाना क्षेत्र के बिठला गांव के प्रकाश सिंह की मौत इलाज के दौरान हो गई।  घटनास्थल पर पसराहा थानाध्यक्ष संजय विश्वास समेत काफी संख्या में पुलिस बल कैंप कर रहे थे। वहीं घटना के बाद काफी संख्या में लोगों की भी भीड़ जुट गई। इधर मृतक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।

शादी कार्यक्रम लौट रहे थे कार सवार

जानकारी के अनुसार कार में सवार बाराती चौथम प्रखंड इलाके से शादी कार्यक्रम के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच 31 पर पसराहा थाना क्षेत्र के विद्यारत्न पेट्रोल पंप के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को बाहर निकालकर कर अस्पताल पहुंचाया।

 

Back to top button