छत्तीसगढ़पेण्ड्रा-मरवाही

ज्ञानेंद्र उपाध्याय मामले को लेकर जिले के कांग्रेस नेता 11 जून को मिलेंगे मुख्यमंत्री बघेल से …

कांग्रेस महासचिव उत्तम वासुदेव ने दिया समर्थन में बयान

मरवाही (अनुपम शुक्ला)। जोगी कांग्रेस से कांग्रेस में शामिल हुए ज्ञानेंद्र उपाध्याय के विरोध में उतरे कांग्रेस नेताओं को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल 11 जून को रायपुर बुलाया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता को जानकारी दे दी गई है। इधर आज भी जिले में विरोध का क्रम चलता रहा। डैमेज कंट्रोल के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव उत्तम वासुदेव ने ज्ञानेंद्र उपाध्याय का समर्थन करके विरोध को कम करने का प्रयास किया है। ज्ञानेंद्र उपाध्याय और मनोज गुप्ता के बीच आज मुलाकात हुई। इस मुलाकात में दोनों उत्साहित नजर नहीं आए।

जोगी कांग्रेस छोड़कर आए ज्ञानेंद्र उपाध्याय को कांग्रेस में शामिल तो कर लिया गया लेकिन क्षेत्र में हो रहे विरोध को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम चिंतित हैं। कांग्रेस में शामिल होने की सूचना मिलते ही कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जिस तरह से इस्तीफा देकर दबाव बनाया इसका असर रायपुर में ज्यादा देखने को मिला। रायपुर से शाम को ही यह सूचना आ गई कि मरवाही के कांग्रेस नेताओं को कल 11 जून को रायपुर बुलाया गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मनोज गुप्ता की बात हो गई है। सूत्रों की मानें तो कल 9 जून की शाम 7 बजे तक 2 सौ से अधिक लोगों ने कांग्रेस से इस्तीफा देने की बात कही थी। मुख्यमंत्री के फोन आने के बाद मनोज गुप्ता डैमेज कंट्रोल में जुट गए थे। हालांकि कांग्रेस के पदाधिकारी अपनी बात पर अड़े हुए हैं। रायपुर में कल 11 जून को होने वाली बैठक में चुनिंदा पदाधिकारियों को ले जाया जाएगा।

इधर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव व क्षेत्र के कांग्रेस नेता उत्तम वासुदेव ने कहा कि ज्ञानेंद्र के कांग्रेस पार्टी में आने से पार्टी को निश्चित रूप से फायदा होगा। चूंकि उन्हें कांग्रेस पार्टी में लेने का फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का है इसलिए हम सभी को इसका समर्थन करना चाहिए। उत्तम वासुदेव ने कहा कि अगर कुछ बातें हो अथवा किसी से शिकवा-शिकायत हो तो क्षेत्र के नेता पार्टी फोरम में अपनी बातें रख सकते हैं। जिसका कि एक निश्चित प्लेटफार्म है। इस तरह से मीडिया अथवा सोशल मीडिया में बातें करना गलत है।

उन्होंने आगे कहा कि हमें इस समय आपसी मतभेद भुलाकर मरवाही विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ता यदि कांग्रेस पार्टी में आना चाहें तो उनका स्वागत करना चाहिए क्योंकि वे मूल रूप से कांग्रेसी हैं और उनकी विचारधारा भी कांग्रेसी है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव उत्तम वासुदेव, युवक कांग्रेस अध्यक्ष सरवर फारूकी, सासंद प्रतिनिधि बाला कश्यप, भोला नायक, अजीत श्याम, पुष्पराज सिंह सहित दर्जनों नेताओं ने ज्ञानेंद्र उपाध्याय के कांग्रेस प्रवेश का समर्थन किया है।

इधर ज्ञानेंद्र उपाध्याय कल रात मे ही गौरेला पहुंच गए थे। आज सुबह उनकी जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता से मुलाकात हुई। औपचारिक बातीचीत के बाद जिले में कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर प्रारंभिक मंत्रणा हुई लेकिन कल जिले के कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री बघेल से मिलने रायपुर जा रहे हैं। इसलिए विस्तार से बातचीत नहीं इुई ऐसा सूत्रों का कहना है। दोनों ने यह कहा कि एक औपचारिक मुलाकात थी।

Back to top button