मध्य प्रदेश

दिग्विजय सिंह कल से मालवा के दौरे पर, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होंगे रूबरू

4 जिलों की 6 विधान सभाओं में मंडल सेक्टर की बैठकों में शामिल होंगे दिग्विजय सिंह

भोपाल। राज्यसभा सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 19 अप्रैल से सीहोर, शाजापुर, आगर मालवा व उज्जैन जिले की 6 विधानसभाओं के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे 19 अप्रैल को सीहोर जिले की सीहोर व आष्टा विधानसभा, 20 अप्रैल को शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा, आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा और 21 अप्रैल को उज्जैन जिले की उज्जैन उत्तर व उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के मंडल सेक्टर अध्यक्षों की बैठकों में भाग लेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे।
दिग्विजय सिंह अब तक भोपाल, ग्वालियर, होशंगाबाद, रीवा व भोपाल संभागों की उन 23 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके है जहां कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 3 से 4 बार लगातार हार का सामना किया है। सिंह के दौरे के दौरान विधानसभा क्षेत्रों में 2 सत्रों की बैठकें होती हैं जिसमें प्रथम सत्र में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के मंडल सेक्टर अध्यक्षों व बीएलए की बैठकें होती हैं, जिसमें पूर्व सीएम बूथ प्रबंधन पर चर्चा करते हैं। दूसरे सत्र में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्य, जिला व जनपद पंचायतों के निर्वाचित सदस्य, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, किसान कांग्रेस व आईटी सेल सहित समस्त प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद का कार्यक्रम होता है। कार्यकर्ताओं को संगठित व एकत्रित करने की पूर्व सीएम की यह पहल कांग्रेस जनों में जोश के साथ चुनाव लडने की नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।
कांग्रेस प्रशासनिक अत्याचार निवारण समिति की बैठक आज
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में मप्र कांग्रेस प्रशासनिक अत्याचार निवारण समिति की बैठक मंगलवार को सुबह 11 बजे से मध्य प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के तृतीय तल के सभागार में आयोजित की गई है। बैठक में समिति के सभी सदस्य शामिल होंगे।

Back to top button