बिलासपुर

डॉ. रमन की सुरक्षा कटौती पर धरम ने उठाए सवाल, कहा पूर्ववत बहाल करें

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह व जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में कटौती किए जाने पर सवाल उठाया हुए उसे पूर्ववत बहाल करने की मांग की है।

उन्होने कहा कि सुरक्षा संवेदनशील मसला है। परिस्थितियों के आधार पर महत्वपूर्ण व्यक्तियों को सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी होती है, दुर्भावनावश सुरक्षा में कटौती करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सल प्रभावित प्रदेश है इस आधार पर यहां सुरक्षा पुख्ता हो इसकी चिंता प्रदेश की सरकार को करनी चाहिए। सुरक्षा की कटौती आखिरकार क्यों की गई यह समझ से परे है। इस पर सवाल उठना लाजिमी है।

पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पूरे छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहते हैं, साथ ही नक्सलवाद के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई उनके नेतृत्व में लड़ी गई है। हमेशा नक्सलियों के टारगेट में होने की बात सुरक्षा एजेंसियां भी स्वीकारती है।       नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित जन प्रतिनिधियों की सुरक्षा की चिंता गृह मंत्रालय की होती है, उनकी सुरक्षा में कटौती करना सही नहीं है। आज की परिस्थिति में उनकी सुरक्षा को और मजबूत करने की जरूरत है। कौशिक ने कहा कि इस दिशा में प्रदेश की सरकार गंभीर नही हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भावनावश जन प्रतिनिधियों की सुरक्षा घटाई गई है। उन्होंने जन प्रतिनिधियों की सुरक्षा को पूर्ववत बहाल करने की  मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button